Meta Pixel

NGT का बड़ा एक्शन : रायपुर समेत 3 बड़े क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर लगी रोक

Spread the love

रायपुर – देश में बढ़ते जल संकट को गंभीरता से लेते हुए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने बड़ा फैसला सुनाया है। ट्रिब्यूनल ने रायपुर, मुंबई और जयपुर के तीन प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों में फिलहाल सभी खेल गतिविधियों पर रोक लगा दी है। अब अगली सुनवाई तक इन स्टेडियमों में एनजीटी की मंजूरी के बिना कोई भी खेल आयोजन नहीं कराया जा सकेगा।

इन स्टेडियमों पर लागू हुआ आदेश
एनजीटी के अंतरिम आदेश के दायरे में रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुंबई का डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम और जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम शामिल हैं। आदेश के बाद इन तीनों स्टेडियमों में होने वाले सभी खेल आयोजनों पर फिलहाल रोक लग गई है।

निर्देशों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई
सुनवाई के दौरान ट्रिब्यूनल ने पाया कि संबंधित स्टेडियमों ने भूजल के अत्यधिक उपयोग को कम करने, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के शुद्ध किए गए पानी के इस्तेमाल और वर्षा जल संचयन जैसी अनिवार्य व्यवस्थाओं को लागू नहीं किया। कई बार नोटिस और निर्देश जारी होने के बावजूद संतोषजनक अनुपालन रिपोर्ट पेश नहीं की गई, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया।

जल संरक्षण को लेकर NGT की सख्त टिप्पणी
ट्रिब्यूनल ने कहा कि देश के कई हिस्से जल संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में बड़े खेल परिसरों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करें। पर्यावरणीय नियमों की लगातार अनदेखी को गंभीर मानते हुए अंतरिम प्रतिबंध लगाया गया है।

2021 के आदेश से जुड़ा है मामला
यह पूरा मामला वर्ष 2021 में एनजीटी द्वारा जारी उन निर्देशों से जुड़ा है, जिनमें खेल मंत्रालय, जल शक्ति मंत्रालय, बीसीसीआई और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को स्टेडियमों में भूजल दोहन नियंत्रित करने और वैकल्पिक जल स्रोतों के उपयोग के लिए दिशा-निर्देश बनाने को कहा गया था। देशभर के 22 स्टेडियमों से अनुपालन रिपोर्ट मांगी गई थी, लेकिन रायपुर, मुंबई और जयपुर के इन तीन स्टेडियमों पर नियमों का पालन नहीं करने का आरोप है।

17 अगस्त को होगी अगली सुनवाई
एनजीटी ने केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (CGWA) को सभी संबंधित स्टेडियमों की अनुपालन रिपोर्ट चार सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को होगी। तब तक इन तीनों स्टेडियमों में एनजीटी की अनुमति के बिना किसी भी खेल प्रतियोगिता या आयोजन की इजाजत नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *