रायपुर। छत्तीसगढ़ की होनहार भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव ने प्रदेश को एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि दिलाई है। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद उनका चयन 2026 कॉमनवेल्थ खेलों के लिए भारतीय भारोत्तोलन टीम में हुआ है। इस उपलब्धि से प्रदेश के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।
बर्मिंघम में होगा प्रशिक्षण, ग्लासगो में भारत का करेंगी प्रतिनिधित्व
कॉमनवेल्थ खेलों से पहले भारतीय भारोत्तोलन टीम का अनुकूलन (एक्लिमेटाइजेशन) प्रशिक्षण शिविर 28 जून से 22 जुलाई 2026 तक बर्मिंघम (यूके) में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद भारतीय टीम 23 जुलाई से 3 अगस्त 2026 तक ग्लासगो में होने वाले कॉमनवेल्थ खेलों में भाग लेगी, जहां ज्ञानेश्वरी भारत की ओर से चुनौती पेश करेंगी।
मुख्यमंत्री और ओलंपिक एसोसिएशन ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णु देव साय ने ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई देते हुए कहा कि उनका चयन पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह अपने प्रदर्शन से देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी। वहीं, महासचिव विक्रम सिसोदिया ने कहा कि ज्ञानेश्वरी की सफलता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और उनसे कॉमनवेल्थ खेलों में पदक की उम्मीद है।