Meta Pixel

बांगो में बड़ा सड़क हादसा : टैंकर ने स्कूटी को मारी टक्कर, सगे भाई-बहन की मौत, तीसरा गंभीर

Spread the love

कोरबा – छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी बस स्टैंड के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जहां रफ्तार से आ रही टैंकर वाहन ने स्कूटी सवार तीन स्कूली बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि, मौके पर ही दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्कूटी से सामान लेने आए हुए थे बच्चे
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 13 वर्षीय बूटी गोस्वामी और 12 वर्षीय दशरथ गोस्वामी के रूप में हुई है। दोनों बच्चे सगे भाई-बहन बताए जा रहे हैं और कोनकोना बस्ती के गोस्वामी पारा निवासी थे। बच्चे स्कूटी से पोड़ी बस स्टैंड सामान लेने आए हुए थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया।

गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम 
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने बांगो-अंबिकापुर नेशनल हाईवे मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिसमें यात्री बसों, चार पहिया वाहनों और बाइक सवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। प्रशासन ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम पर डटे हुए हैं। हादसे को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *