पवार- पेंड्रा – गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा शहर में बुधवार 15 जुलाई को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। शहर के राय पेट्रोल पंप के पास कोयले से लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर स्कूटी सवार परिवार पर चढ़ गया। इस भीषण दुर्घटना में पिता और उनके मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर मची अफरा-तफरी, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने घायलों और मृतकों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पिता और बेटे को मृत घोषित कर दिया। घायल महिला का इलाज अस्पताल में जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
ट्रेलर जब्त, जांच में जुटी पुलिस
हादसे की जानकारी मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बायपास नहीं बनने से बढ़ रहा हादसों का खतरा
इस हादसे ने एक बार फिर पेंड्रा बायपास की जरूरत को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहन लगातार शहर के मुख्य मार्ग से गुजरते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कई बार मांग उठने के बावजूद अब तक बायपास का निर्माण नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द बायपास नहीं बना तो ऐसे हादसे आगे भी दोहराए जा सकते हैं।