Meta Pixel

बाल संप्रेक्षण गृह से 13 अपचारी बालक फरार : सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल, पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

Spread the love

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित गांधीनगर थाना क्षेत्र के बाल संप्रेक्षण गृह से एक बार फिर 13 अपचारी बालक फरार हो गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी बालकों ने संप्रेक्षण गृह के पुराने दरवाजे को तोड़कर भागने की योजना बनाई और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।ॉ

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
यह पहली बार नहीं है जब बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा पर सवाल उठे हैं। इससे पहले 23 जून को भी यहां से 13 अपचारी बालक फरार हुए थे। उस घटना में फरार हुए दो बालकों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। ऐसे में दोबारा हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है।

पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद पुलिस की टीम फरार बालकों की तलाश में जुट गई है। आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और संभावित ठिकानों पर भी नजर रखी जा रही है। वहीं, यह भी जांच की जा रही है कि आखिर सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।

प्रशासन पर उठ रहे सवाल
लगातार दूसरी बार हुई इस घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि फरार बालकों को पुलिस कितनी जल्द पकड़ पाती है और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *