Meta Pixel

चलती ट्रेन बनी प्रसूति कक्ष : डोंगरगढ़ स्टेशन पर जीआरपी-आरपीएफ की तत्परता से सुरक्षित जन्मा मासूम

Spread the love

राजनांदगांव। सिकंदराबाद एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति गंभीर होने पर ट्रेन में मौजूद दो महिला यात्रियों ने बिना देर किए प्रसव कराने में मदद की। कुछ ही देर में चलती ट्रेन में महिला ने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम पूरी तैयारी के साथ पहुंची और जच्चा-बच्चा को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू कराया।

15 दिन बाद होनी थी डिलीवरी, रास्ते में ही शुरू हो गया प्रसव
जानकारी के अनुसार, कवर्धा निवासी 21 वर्षीय भारती नट अपने पति जितेंद्र नट के साथ सिकंदराबाद एक्सप्रेस के जनरल कोच से घर लौट रही थीं। परिवार के मुताबिक डिलीवरी में अभी करीब 15 दिन का समय बाकी था, लेकिन नागपुर के पास अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। गोंदिया स्टेशन पर मदद लेने की कोशिश की गई, लेकिन ट्रेन आगे बढ़ चुकी थी।

महिला यात्रियों ने दिखाई सूझबूझ, सुरक्षित कराया प्रसव
मुश्किल हालात में ट्रेन में सफर कर रही दो महिला यात्रियों ने हिम्मत और समझदारी का परिचय देते हुए प्रसव कराया। उनके सहयोग से महिला ने चलती ट्रेन में ही स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। इसके बाद रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।

डोंगरगढ़ स्टेशन पर तुरंत मिला इलाज
सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम सक्रिय हो गई। ट्रेन के पहुंचते ही जच्चा-बच्चा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों की जांच के बाद उन्हें स्वस्थ बताया।

परिजनों ने जताया आभार
महिला के पति जितेंद्र नट ने कहा कि समय पर महिला यात्रियों और रेलवे सुरक्षा बल की मदद मिलने से उनकी पत्नी और नवजात दोनों सुरक्षित हैं। उन्होंने सभी सहयोगियों का दिल से धन्यवाद व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *