मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच ईरान ने बड़ा दावा किया है। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी शहर अहवाज में एक मिसाइल ने कैंसर अस्पताल के पास के इलाके को निशाना बनाया है। यह घटना अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) द्वारा ईरान के खिलाफ हमलों के दूसरे दौर (second wave of strikes) की घोषणा के कुछ घंटों बाद हुई है।
कैंसर अस्पताल के पास मिसाइल अटैक
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के जनसंपर्क और सूचना केंद्र के प्रमुख, हुसैन करमनपुर ने बताया कि यह हमला ‘बघायी अस्पताल 2’ के पास हुआ, जो विशेष रूप से कैंसर के मरीजों के इलाज के लिए समर्पित है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, “अभी कुछ समय पहले, अहवाज़ में बघायी अस्पताल 2 के पास का इलाका मिसाइल हमले की चपेट में आया।
हमले की तेज आवाज और जोरदार झटकों के डर से कई मरीज और उनके तीमारदार अस्पताल छोड़कर भाग गए। फिलहाल वहां केवल सबसे गंभीर रूप से बीमार मरीज ही बचे हैं।”
केशम में औद्योगिक संयंत्र को भी नुकसान
ईरान के सरकारी मीडिया संस्थान (IRIB) ने भी नुकसान की पुष्टि की है। होर्मुजगन प्रांत के गवर्नर के हवाले से बताया गया कि केशम (Qeshm) में स्थित ‘सूज़ा फिश पाउडर फैक्ट्री’ पर भी हमला हुआ, जिससे वहां सीमित नुकसान पहुँचा है। गनीमत यह रही कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
CENTCOM का ऑपरेशन और ईरान की जवाबी चेतावनी
यह हमले तब हुए हैं जब CENTCOM ने ईरान पर हमलों की दूसरी लहर शुरू करने की घोषणा की। अमेरिका का कहना है कि यह ऑपरेशन उन ईरानी सैन्य क्षमताओं को निशाना बनाने के लिए है, जिनका उपयोग होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से गुजरने वाले जहाजों को खतरे में डालने के लिए किया जाता है।
इस बीच, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल हुसैन मोहम्मदी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि ईरान अपना सैन्य जवाब जारी रखेगा। X पर अपने पोस्ट में मोहम्मदी ने कहा, “दुश्मन को यह नहीं सोचना चाहिए कि वह वर्तमान युद्ध की स्थिति को जारी रख सकता है। ईरान के ऑपरेशन फिलहाल क्षेत्र में अमेरिका के आक्रामक बुनियादी ढांचे को नष्ट करने पर केंद्रित हैं। इसके बाद अगले कदम शुरू किए जाएंगे।”