अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने पिता की हत्या के आरोप में उसकी बेटी और दामाद को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बाइक की किस्त भरने के लिए पैसों को लेकर हुए विवाद में दोनों ने मिलकर गमछे से गला घोंटकर और मारपीट कर हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए घटनास्थल पर पड़े खून के निशानों को गोबर से ढकने का भी आरोप है।
दामाद के घर के बरामदे में मिला था शव
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को बांसाझाल बालापानी निवासी लोहर साय कोरवा का शव उसके दामाद के घर के बरामदे में मिला था। सूचना मिलने पर बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मृतक की बेटी सोन कुंवारी और दामाद बंधन कोरवा से पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकारी हत्या
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि मृतक बाइक की किस्त चुकाने के लिए लगातार रुपये मांग रहा था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आवेश में आकर दोनों ने कथित रूप से गमछे से गला घोंट दिया। इसके बाद जमीन पर पटककर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
गोबर से ढके खून के निशान
पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से घटनास्थल पर पड़े खून के धब्बों को गोबर से लीप दिया, ताकि हत्या का सबूत छिपाया जा सके।
बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की विवेचना जारी है।