हर सुबह नाश्ते में क्या बनाया जाए, यह सवाल लगभग हर घर में होता है। वहीं व्रत के दिनों में साबूदाना खिचड़ी या आलू की डिश से अलग कुछ हेल्दी और हल्का खाने का मन करता है। ऐसे में राजगीरा उपमा एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है। प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर यह ग्लूटेन-फ्री रेसिपी स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल है। खास बात यह है कि इसे बनाने में सिर्फ 20 मिनट का समय लगता है और यह लंबे समय तक पेट भरा रखने के साथ शरीर को भरपूर ऊर्जा भी देता है।
राजगीरा उपमा बनाने के लिए सामग्री
- 1 कप राजगीरा (अमरंथ)
- 1 बड़ा चम्मच घी या तेल
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
- 8-10 करी पत्ते
- 1 छोटा प्याज (बारीक कटा हुआ, व्रत में न डालें)
- 2 बड़े चम्मच भुनी और दरदरी कुटी मूंगफली
- 2 कप गर्म पानी
- स्वादानुसार नमक या व्रत के लिए सेंधा नमक
- 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
- हरा धनिया (गार्निश के लिए)
राजगीरा उपमा बनाने की विधि
स्टेप 1
सबसे पहले एक पैन में घी या तेल गर्म करें। इसमें जीरा डालें और चटकने दें। अब इसमें हरी मिर्च और करी पत्ते डालकर कुछ सेकंड भूनें। अगर व्रत के लिए नहीं बना रहे है, तो इसमें बारीक कटा प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें।
स्टेप 2
अब पैन में राजगीरा डालें और धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक हल्का भूनें। इसके बाद कुटी हुई मूंगफली और नमक या सेंधा नमक मिलाएं।
स्टेप 3
धीरे-धीरे गर्म पानी डालते हुए लगातार चलाते रहें ताकि गांठें न बनें। पैन को ढक दें और धीमी आंच पर 8-10 मिनट तक पकाएं, जब तक पानी पूरी तरह सूख न जाए और राजगीरा अच्छी तरह पक न जाए।
स्टेप 4
गैस बंद करें और उपमा को 2 मिनट तक ढका रहने दें। आखिर में नींबू का रस डालें, हरे धनिये से गार्निश करें और गर्मागर्म परोसें।
राजगीरा उपमा खाने के फायदे
- प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होने के कारण लंबे समय तक पेट भरा रहता है।
- ग्लूटेन-फ्री होने की वजह से पाचन के लिए अच्छा माना जाता है।
- व्रत, हेल्दी ब्रेकफास्ट या हल्के डिनर के लिए बेहतरीन विकल्प है।
- शरीर को जरूरी विटामिन, मिनरल और ऊर्जा प्रदान करता है।
अगर आप स्वाद और सेहत दोनों का संतुलन चाहते हैं, तो राजगीरा उपमा आपकी डाइट में शामिल करने के लिए एक शानदार रेसिपी है। कम समय में बनने वाला यह उपमा नाश्ते, व्रत या हल्के भोजन के लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है।