Meta Pixel

अंबिकापुर में सूदखोरी से मौत का मामला : धमकी और मानसिक प्रताड़ना का आरोपी गिरफ्तार, सुसाइड नोट से खुला राज

Spread the love

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में सूदखोरी और लगातार मानसिक प्रताड़ना से जुड़े एक आत्महत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि, आरोपी मृतक को अत्यधिक ब्याज पर रुपये उधार देकर लगातार धमका रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गया। पुलिस ने सुसाइड नोट, परिजनों के बयान और बैंक लेनदेन की जांच के आधार पर आरोपी की भूमिका की पुष्टि की है।

ऊंचे ब्याज की वसूली के लिए धमकियों का सिलसिला
कोतवाली पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण और कर्जा एक्ट से जुड़े मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि, आरोपी मृतक को ऊंची ब्याज दर पर रुपये उधार देता था और रकम की वसूली के लिए लगातार दबाव बनाते हुए धमकियां देता था। इससे मृतक लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहा था।

आरोपी के मोबाइल को भी पुलिस ने किया जब्त
जांच के दौरान पुलिस को मृतक का सुसाइड नोट मिला, जिसमें आरोपी का उल्लेख था। इसके अलावा परिजनों के बयान और बैंक लेनदेन की जांच में भी आरोपी की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिले। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया।

पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में किया पेश
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा कर्जा एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *