रायपुर। ऑनलाइन महादेव सट्टा एप मनी लॉड्रिंग केस में ईडी ने गुरुवार को चर्चित टीवी होस्ट शेफाली बग्गा से घंटों पूछताछ की। उन पर अपने टेलीग्राम चैनल के माध्यम से एप के प्रचार और बेटिंग टिप्स देने का आरोप है। टीवी होस्ट शेफाली बग्गा से रायपुर स्थित ईडी के जोनल ऑफिस में पूछताछ की गई।
ईडी ने दावा किया था कि, टीवी होस्ट कथित तौर पर बेटिंग ऐप का प्रचार करती और खिलाड़ियों को बेटिंग से जुड़े टिप्स देती नजर आती हैं। ईडी के मुताबिक, शेफाली बग्गा का नाम खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से जुड़ा है। जांच एजेंसी का आरोप है कि खंजन ठक्कर भारत में ऑनलाइन बेटिंग एप्स को चलाने और बढ़ावा देने वाले प्रमुख लोगों में शामिल है। जांच में उसे महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े हवाला नेटवर्क का अहम ऑपरेटर भी बताया गया है, जो वित्तीय लेनदेन संभालता था।
टीवी होस्ट पर यह आरोप
ईड के दावों के मुताबिक, शेफाली बग्गा विदेशों, खासकर दुबई और लंदन से संचालित होने वाले बेटिंग एप्स का प्रचार करती थीं। जांच के दौरान एजेंसी को ऐसे प्रमोशनल पेज और अन्य डिजिटल सबूत मिले हैं, जिनमें शेफाली कथित तौर पर बेटिंग एप का प्रचार करती और खिलाड़ियों को बेटिंग से जुड़े टिप्स देती नजर आती हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक शेफाली बग्गा का एक टेलीग्राम चैनल भी है, जहां कथित तौर पर अवैध ऑनलाइन बेटिंग से जुड़े प्रमोशन और बेटिंग टिप्स साझा किए जाते थे। फिलहाल मामले की पूछताछ जारी है और डिजिटल सबूतों व वित्तीय लेनदेन की जांच जारी है। जांच एजेंसी आगे की कार्रवाई के लिए पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
विकास गर्ग से पूछताछ जारी
इधर, दिल्ली से गिरफ्तार कर रायपुर लाए गए कारोबारी विकास गर्दा से उसके वित्तीय लेन-देन के बारे में ईडी ने गुरुवार को घंटों पूछताछ की। उससे महादेव सट्टा एप की रकम को किन किन वित्तीय संस्थानों में कब कब और कितनी राशि निवेश किया है, इस संबंध में पूछताछ की गई। सूत्रों के मुताबिक विकास गर्ग ईडी के सवालों से बचता नजर आया। इसके साथ ही पूछे गए सवालों का गोल मोल जवाब देता आया। कोलकाता के हवाला कारोबारी हरिशंकर टिबरेवाल से संबंधों के बारे में ईडी ने कारोबारी से पूछताछ की है। आरोप है कि महादेव सट्टा एप की काली कमाई को विकास गर्ग व्हाइट मनी में कन्वर्ट कर सौरभ चंद्राकर के पास दुबई भेजने की व्यवस्था करता था। हरिशंकर के माध्यम से विकास के पास महादेव सट्टा की रकम हवाला के माध्यम से पहुंचती थी।