Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में मानसून की जोरदार वापसी : बिलासपुर में जलभराव तो लोरमी में छलका खुड़िया बांध, कई जिलों में अलर्ट जारी

Spread the love

रायपुर – छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में गुरुवार शाम से लगातार बारिश हो रही है और शुक्रवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, बिलासपुर में मूसलाधार बारिश से शहर जलमग्न हो गया, जबकि लोरमी स्थित राजीव गांधी जलाशय (खुड़िया बांध) लबालब भरकर वेस्टवीयर से छलकने लगा है।

कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने राजनांदगांव, बेमेतरा, बालोद, दुर्ग, मुंगेली और कबीरधाम जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं बलरामपुर, सूरजपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, महासमुंद, रायपुर, धमतरी, कोरिया, बिलासपुर, जशपुर, सरगुजा और गरियाबंद जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

बिलासपुर में बारिश बनी आफत
बिलासपुर में रातभर हुई मूसलाधार बारिश के कारण शहर की कई सड़कें, निचली बस्तियां और कॉलोनियां जलमग्न हो गईं। कई घरों में पानी घुस जाने से लोगों को पूरी रात जागकर पानी बाहर निकालना पड़ा। नगर निगम ने इस बार जलभराव नहीं होने का दावा किया था, लेकिन बारिश के बाद व्यवस्था की पोल खुल गई।

चौबे कॉलोनी और शिवम होम्स सबसे ज्यादा प्रभावित
कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ा। सरकंडा क्षेत्र की चौबे कॉलोनी और शिवम होम्स में कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया। स्थानीय लोगों ने जलनिकासी व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

लोरमी में लबालब भरा खुड़िया बांध
लगातार बारिश के चलते लोरमी स्थित राजीव गांधी जलाशय (खुड़िया बांध) पूरी तरह भर गया है। जलस्तर बढ़ने के बाद वेस्टवीयर से पानी छलकने लगा, जिससे बांध का नजारा बेहद आकर्षक हो गया है।

बांध देखने उमड़ रही पर्यटकों की भीड़
खुड़िया बांध का मनमोहक दृश्य देखने के लिए लोरमी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। छुट्टी के दिन बांध परिसर में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। हालांकि प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *