छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में जिला बदर किए गए एक आदतन अपराधी ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए एसपी कार्यालय में हाईवोल्टेज ड्रामा किया। आरोपी अपने साथ पेट्रोल लेकर पहुंचा और खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश करने लगा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर शुक्रवार को शहर में उसका जुलूस निकाला। जिसका वीडियो भी सामने आया है।
SP ऑफिस पहुंचकर किया हंगामा
पुलिस के मुताबिक स्टेशन रोड निवासी चाहत शुक्ला के खिलाफ मारपीट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों के चलते जिला प्रशासन ने उसे जिला बदर किया था। इसके बावजूद वह गुरुवार को एसपी कार्यालय पहुंच गया और नशे की हालत में हंगामा करने लगा।
खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश
हंगामे के दौरान आरोपी अपने साथ लाया पेट्रोल खुद पर छिड़ककर आग लगाने का प्रयास करने लगा। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत काबू कर लिया और हिरासत में लेकर कोतवाली थाना पहुंचाया।
केस दर्ज, शहर में निकाला जुलूस
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने उसका पैदल जुलूस गोपी टॉकीज रोड से एसडीएम कोर्ट तक निकाला। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
जिला बदर आदेश का किया उल्लंघन
जिला मुख्यालय डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि चाहत शुक्ला के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रकरण प्रस्तुत किया गया था। जिला दंडाधिकारी ने 23 मार्च 2026 को उसे एक वर्ष के लिए रायगढ़ और सीमावर्ती जिलों से बाहर रहने का आदेश दिया था।
जिला दंडाधिकारी को भेजी गई रिपोर्ट
डीएसपी ने बताया कि जिला बदर आदेश प्रभावी रहने के बावजूद आरोपी एसपी कार्यालय पहुंचकर हंगामा करता मिला। उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है और जिला बदर आदेश के उल्लंघन की रिपोर्ट भी जिला दंडाधिकारी न्यायालय में प्रस्तुत की गई है।