दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता अभिजीत दीपके पर शनिवार (18 जुलाई) को एक महिला द्वारा स्याही फेंके जाने की घटना सामने आई। यह घटना उस समय हुई, जब अभिजीत दीपके अपने समर्थकों और प्रदर्शनकारी छात्रों को संबोधित कर रहे थे। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ में मौजूद एक महिला अचानक मंच के पास पहुंची और अभिजीत दीपके की ओर स्याही फेंक दी, जिससे उनके चेहरे और कपड़ों पर स्याही लग गई। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सोनम वांगचुक को हटाए जाने के बाद शुरू हुआ अनशन
यह घटना ऐसे समय हुई है जब कुछ घंटे पहले ही पुलिस ने सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाकर सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया था। इसके बाद अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की थी।
यह आंदोलन NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों को लेकर चल रहा है। प्रदर्शनकारी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं।
तीन छात्रों की तबीयत बिगड़ने का दावा
प्रदर्शन में शामिल लोगों का दावा है कि अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे तीन छात्रों की तबीयत शनिवार को बिगड़ गई।
आंदोलनकारियों ने यह आरोप भी लगाया कि अनशन के 21वें दिन दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थल से तीन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने का प्रयास किया।
इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्याही फेंके जाने की घटना के बाद प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो के बाद इस घटना को लेकर सोशल Media पर भी विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
फिलहाल, घटना को लेकर पुलिस या संबंधित अधिकारियों की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है।