छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 किलो 673 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर रायपुर की ओर जा रहे थे, लेकिन सीमा क्षेत्र में ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
सूचना के बाद हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास दो संदिग्ध युवक बैग लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही नगरनार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
बैग की तलाशी में मिला गांजा
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान ललित कुशुलिया और बिरन्ची गोरोडिया के रूप में बताई, जो ओडिशा के रायगढ़ा जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस ने दोनों के बैग की तलाशी ली तो उसमें 10 पैकेटों में भरा गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर इसकी कुल मात्रा 11 किलो 673 ग्राम निकली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹5.84 लाख बताई गई है।
रायपुर ले जाने की थी तैयारी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में इसकी सप्लाई करने वाले थे। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया है। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का बयान
CSP सुमीत कुमार ने बताया कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस आगे भी सख्ती से कार्रवाई जारी रखेगी।