रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के सम्मान के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट, फोटो और वीडियो साझा किए जाने के मामले को गंभीरता से लिया है। आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने इस प्रकरण पर तत्काल कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
आयोग के अनुसार, संजय बघेल और सुरेन्द्र वर्मा द्वारा फेसबुक पर महिलाओं के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित टिप्पणियां, फोटो और वीडियो पोस्ट किए गए। इस मामले को स्वतः संज्ञान में लेते हुए आयोग ने संबंधित पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई करने को कहा है।
पुलिस अधीक्षकों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
डॉ. ममता साहू ने बलौदाबाजार और बिलासपुर के पुलिस अधीक्षकों से चर्चा कर मामले में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। संजय बघेल भाटापारा शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व पार्षद एवं प्रभारी महामंत्री बताए जा रहे हैं, जबकि सुरेन्द्र वर्मा बिलासपुर से जुड़े कांग्रेस पदाधिकारी हैं।
AI से बने फोटो-वीडियो की भी होगी जांच
महिला आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि सोशल मीडिया पर साझा की गई आपत्तिजनक सामग्री आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार की गई है, तो उसकी भी विस्तृत जांच की जाएगी। आयोग ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
तीन दिन में मांगी कार्रवाई रिपोर्ट
आयोग ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आपत्तिजनक सामग्री तैयार करने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने वालों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज की जाए। साथ ही, की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट तीन दिनों के भीतर महिला आयोग को सौंपने के लिए कहा गया है।
महिला आयोग ने दोहराया कि महिलाओं की गरिमा और सम्मान के खिलाफ किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या अशोभनीय सामग्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।