Meta Pixel

भिलाई इस्पात संयंत्र में ‘गुणवत्ता-2026’ कार्यस्थल प्रबंधन परियोजना प्रतियोगिता का उद्घाटन

Spread the love

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के व्यावसायिक उत्कृष्टता विभाग ने मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडीसी) में 27 से 29 जुलाई 2025 तक ‘गुणवत्ता-2026’ का आयोजन किया है। कर्मचारियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए इस तीन दिवसीय “कार्यस्थल प्रबंधन परियोजना प्रतियोगिता” का उद्घाटन, 27 जुलाई 2026 को कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने किया। उद्घाटन समारोह में मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एम एंड यू) श्री बिजय कुमार बेहेरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के सभी संबंधित मुख्य महाप्रबंधक, प्रतिभागी टीमों के विभागाध्यक्ष, ऑफिसर्स एसोसिएशन के अधिकारीगण, संयंत्र कार्मिक और प्रतिभागी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस अवसर पर उप प्रबंधक (संपर्क प्रशासन/ राजभाषा) श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी द्वारा गुणवत्ता मंडल पर आधारित कविता का पठन भी किया गया।

कार्यक्रम के प्रारम्भ में महाप्रबंधक (व्यवसायिक उत्कृष्टता) श्री शिव राजन ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और गुणवत्ता-कार्यस्थल प्रबंधन परियोजना प्रतियोगिता के महत्व पर बात की। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि इस प्रतियोगिता ने बीएसपी कर्मचारियों के नवाचार और रचनात्मकता को कैसे जोड़ा है।

पूरे संयंत्र से क्यूसी, एलक्यूसी और 5 -“एस” की कुल 48 टीमें इस वार्षिक इन-हाउस प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं, जो इस वर्ष पांच अलग-अलग स्ट्रीम में आयोजित की जा रही है, जिसमें  तीन प्लांट लेवल क्वालिटी सर्कल (क्यूसी) के लिए, एक लीन क्वालिटी सर्कल (एलक्यूसी) के लिए, और एक 5-एस स्तरों के लिए प्रतियोगिता शामिल है। शॉर्टलिस्टिंग के बाद क्वालीफाइंग टीमों का चयन किया जाता है, जो क्वालिटी सर्कल फोरम ऑफ इंडिया (क्यूसीएफआई) द्वारा आयोजित विभिन्न चैप्टर कन्वेंशन्स में भाग लेती हैं।

टीमों द्वारा दिखाई गई भागीदारी की सराहना करते हुए, मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि उन्हें विश्वास है कि इस वर्ष भी प्रतिभागी टीमें नवीन सोच एवं अभिनव समाधानों के साथ प्रतियोगिता में भाग लेंगी, जिनका उपयोग संयंत्र की कार्यप्रणाली में सुधार एवं गुणवत्ता संवर्धन के लिए किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता संस्कृति को और व्यापक बनाने के लिए संविदा कर्मियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि उनके अनुभव एवं नवाचारों का लाभ संगठन को मिल सके और कार्यस्थलों पर निरंतर सुधार की प्रक्रिया को नई गति प्राप्त हो।

विशिष्ट अतिथि श्री बिजय कुमार बेहेरा ने अपने वक्तव्य में व्यवसायिक उत्कृष्टता विभाग को इस कार्यक्रम को आयोजित करने के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि क्वालिटी सर्किल ऐसा प्रभावी मंच है, जहाँ विभागों में कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं की पहचान कर उनके व्यावहारिक, टिकाऊ एवं परिणामोन्मुख समाधान विकसित किए जाते हैं। उन्होंने प्रतिभागी टीमों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान मानसून मौसम से उत्पन्न होने वाली परिचालन संबंधी चुनौतियों तथा उत्पादन क्षमता में वृद्धि के लिए भी नवाचार आधारित समाधान प्रस्तुत किए जाने चाहिए, जिससे संयंत्र की कार्यकुशलता, उत्पादकता एवं गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

उप महाप्रबंधक (व्यवसायिक उत्कृष्टता) श्री पीके साहू के साथ-साथ बीई विभाग के कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान दिया। वरिष्ठ प्रबंधक (व्यवसायिक उत्कृष्टता) श्री रवि कुमार ने गुणवत्ता 2026 के उद्घाटन कार्यक्रम का संचालन किया व महाप्रबंधक (व्यवसायिक उत्कृष्टता) सुश्री सुरैय्या एस कादर ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

उल्लेखनीय है कि संयंत्र के विभिन्न विभागों, जिसमें वर्क्स एरिया और नॉन-वर्क्स एरिया दोनों शामिल हैं, की प्रतिभागी टीमें अपने-अपने विभागों में किए गए रचनात्मक कार्यों पर अपने केस स्टडी और प्रस्तुतियों में अपनी उत्कृष्टता दिखाएंगी। इन केस स्टडी और प्रस्तुतियों का मूल्यांकन, विशेषज्ञ निर्णायकों द्वारा किया जाएगा। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र का व्यवसायिक उत्कृष्टता विभाग हर साल विभिन्न गुणवत्ता अवधारणाओं को बढ़ावा देने के लिए संयंत्र स्तर पर इसी तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *