Meta Pixel

बीएसपी के प्लेट मिल में मॉक ड्रिल आयोजित, विद्युत दुर्घटनाओं से निपटने की आपातकालीन तैयारियों का किया गया अभ्यास

Spread the love

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के प्लेट मिल विभाग में सुरक्षित कार्यसंस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आकस्मिक विद्युत दुर्घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों का आकलन करने के उद्देश्य से विगत दिनों मोटर रूम में एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। अभ्यास के दौरान विद्युत शॉक की काल्पनिक घटना का परिदृश्य तैयार कर उससे निपटने की त्वरित कार्यवाही, प्राथमिक उपचार तथा विभिन्न आपातकालीन एजेंसियों के समन्वित प्रयासों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान विद्युत शॉक की सूचना मिलते ही इलेक्ट्रिकल शिफ्ट इंचार्ज श्री वी. रवि किरण ने तत्काल प्रभावित क्षेत्र की बैरिकेडिंग सुनिश्चित करते हुए मुख्य महाप्रबंधक (प्लेट मिल) श्री कार्तिकेय बेहेरा सहित संबंधित विभागों को घटना की सूचना दी। सूचना प्राप्त होते ही एंबुलेंस, सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड तथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की टीमों ने घटनास्थल पर पहुँचकर निर्धारित आपदा प्रबंधन प्रक्रिया के अनुरूप त्वरित कार्रवाई की तथा समन्वित बचाव एवं राहत कार्य का प्रदर्शन किया।

असेंबली प्वाइंट पर आयोजित संबोधन में मुख्य महाप्रबंधक (प्लेट मिल) श्री कार्तिकेय बेहेरा ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में समयबद्ध एवं समन्वित प्रतिक्रिया ही किसी भी दुर्घटना के प्रभाव को न्यूनतम करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी कर्मियों से सुरक्षा प्रक्रियाओं का गंभीरता से पालन करने तथा ऐसे अभ्यासों से प्राप्त अनुभवों को दैनिक कार्य व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया।

मॉक ड्रिल के उपरांत प्लेट मिल कॉन्फ्रेंस हॉल में समीक्षा एवं संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें अभ्यास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा भविष्य में आपातकालीन तैयारियों को और अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव साझा किए गए। समापन सत्र में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा सुरक्षित कार्य व्यवहार अपनाने की शपथ भी दिलाई गई।

इस मॉक ड्रिल में सिविल डिफेंस से श्री मनीष कुमार, फायर ब्रिगेड से श्री अभिषेक कुमार, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल से श्री के. श्रीनिवासन राव, सुरक्षा विभाग से श्री तपन कुमार नायक, स्वास्थ्य विभाग से श्री दिनेश, प्लेट मिल के महाप्रबंधक एवं विभागीय सुरक्षा अधिकारी श्री प्रवीण चौकसे, सुरक्षा अधिकारी श्री दीपक पारया, तकनीकी सहायक श्री अरुण अग्रवाल, इलेक्ट्रिकल विभाग प्रमुख श्री सी. पद्मनाभन, यांत्रिकी विभाग प्रमुख श्री जे. सुधाकर, प्रचालन प्रमुख श्री संजय त्रिपाठी तथा सुरक्षा प्रशिक्षक श्री सत्य नारायण मेहर सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *