Meta Pixel

छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल, यूपी के ललितपुर में खड़े ट्रक से टकराई कार

Spread the love

ललितपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में हुए एक सड़क हादसे में घायल हो गए। बुधवार दोपहर उनकी इनोवा कार राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में किरण सिंह देव के कूल्हे और कमर में गंभीर चोट आई है, जबकि उनकी पत्नी, बेटी और काफिले में मौजूद अन्य परिजन सुरक्षित हैं। फिलहाल उनका इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

बागेश्वर धाम से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, किरण सिंह देव परिवार के साथ मध्य प्रदेश के धार्मिक स्थलों के दर्शन कर रायपुर लौट रहे थे। उन्होंने बागेश्वर धाम, दतिया स्थित मां पीतांबरा मंदिर और ओरछा के राजा राम मंदिर में दर्शन किए थे। वापसी के दौरान ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में यह दुर्घटना हो गई।

सामने आई कार को बचाने में हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे नेशनल हाईवे-44 पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने अचानक कट मार दिया। टक्कर से बचने के प्रयास में चालक ने इनोवा को मोड़ा, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे जा टकराया।

हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय वाहन की रफ्तार करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटा थी।

कार में फंसे किरण सिंह देव को पुलिस ने निकाला

टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर तालबेहट पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और लोगों की मदद से कार में फंसे किरण सिंह देव को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

कमर और कूल्हे में गंभीर चोट

डॉक्टरों के अनुसार किरण सिंह देव के शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं हैं, लेकिन कमर और पैर में अंदरूनी चोटें आई हैं। जांच में उनके कूल्हे में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। सीटी स्कैन समेत अन्य आवश्यक जांचें कराई गई हैं।

मेडिकल कॉलेज में ऑर्थोपेडिक्स, न्यूरोसर्जरी, कार्डियोलॉजी और मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। जांच के दौरान उनका शुगर लेवल भी बढ़ा हुआ पाया गया, जिसके बाद आवश्यक दवाएं दी गईं।

पत्नी और बेटी पूरी तरह सुरक्षित

हादसे के समय कार में किरण सिंह देव की पत्नी रीना सिंह देव, बेटी आयुषी, पीएसओ, पीए और चालक भी मौजूद थे। पत्नी और बेटी को कोई चोट नहीं आई, जबकि चालक, पीएसओ और पीए को मामूली चोटें लगी हैं। काफिले में पीछे चल रही अन्य सभी गाड़ियां सुरक्षित रहीं।

बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, किरण सिंह देव को बेहतर उपचार के लिए जल्द ही छत्तीसगढ़ एयरलिफ्ट किया जा सकता है। झांसी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर लगातार दिल्ली और छत्तीसगढ़ के विशेषज्ञ चिकित्सकों के संपर्क में हैं ताकि आगे के इलाज की रणनीति तय की जा सके।

एंबुलेंस के इंतजार में हुई देरी

मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन के लिए ले जाते समय कुछ देर तक एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण अस्पताल स्टाफ को लगभग 10 मिनट इंतजार करना पड़ा। बाद में स्ट्रेचर के जरिए उन्हें एंबुलेंस तक पहुंचाया गया और आवश्यक जांच कराई गई।

प्रशासन लगातार कर रहा निगरानी

हादसे की जानकारी मिलते ही झांसी के जिला अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और भाजपा के कई पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे। प्रशासन का कहना है कि किरण सिंह देव की हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें गुरुवार को जरूरत पड़ने पर हायर सेंटर रेफर किया जाएगा।

यूपी में किरण सिंह देव की कार खड़े ट्रक में पीछे से टकराई।
यूपी में किरण सिंह देव की कार खड़े ट्रक में पीछे से टकराई।
किरण सिंह देव के साथ काफिले में उनके परिवार के लोग भी बैठे थे। वे सभी सुरक्षित हैं।
किरण सिंह देव के साथ काफिले में उनके परिवार के लोग भी बैठे थे। वे सभी सुरक्षित हैं।
किरण सिंह देव का इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
किरण सिंह देव का इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *