इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने ICC मेन्स ODI वर्ल्ड कप 2027 के लिए मेजबान शहरों और स्टेडियमों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट साउथ अफ्रीका, ज़िम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। गुरुवार को जोहान्सबर्ग में आयोजित लॉन्च इवेंट के दौरान ICC ने 12 होस्ट वेन्यू और टूर्नामेंट की नई ब्रांडिंग ‘Three Nations, One Heartbeat’ भी पेश की।
करीब 24 साल बाद अफ्रीकी महाद्वीप में पुरुष वनडे वर्ल्ड कप की वापसी हो रही है। इससे पहले 2003 में साउथ अफ्रीका, ज़िम्बाब्वे और केन्या ने मिलकर इस टूर्नामेंट की मेजबानी की थी।
ICC ODI World Cup 2027 के 12 होस्ट वेन्यू
साउथ अफ्रीका (8 स्टेडियम)
- वांडरर्स स्टेडियम, जोहान्सबर्ग
- सुपरस्पोर्ट पार्क (सेंचुरियन), त्शवाने
- न्यूलैंड्स, केप टाउन
- किंग्समीड, डरबन
- सेंट जॉर्ज पार्क, गेबेरहा
- मंगांग ओवल, ब्लोमफ़ोन्टेन
- बोलैंड पार्क, पार्ल
- बफ़ेलो पार्क, ईस्ट लंदन
ज़िम्बाब्वे (3 स्टेडियम)
- हरारे स्पोर्ट्स क्लब, हरारे
- क्वींस स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो
- फ़ाले मोसी-ओआ-तुन्या इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, विक्टोरिया फॉल्स
नामीबिया (1 स्टेडियम)
- नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड, विंडहोक
14 टीमें लेंगी हिस्सा
ICC मेन्स ODI वर्ल्ड कप 2027 में दुनिया की 14 सर्वश्रेष्ठ टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल और मैचों की तारीखें बाद में जारी की जाएंगी।
‘Three Nations, One Heartbeat’ थीम का क्या मतलब है?
ICC ने इस बार टूर्नामेंट की आधिकारिक थीम “Three Nations, One Heartbeat” रखी है। यह थीम तीनों मेजबान देशों की संस्कृति, एकता और साझेदारी को दर्शाती है।
यह अफ्रीकी दर्शन Ubuntu से प्रेरित है, जिसका अर्थ है-
“मैं हूँ, क्योंकि हम हैं।”
इसका उद्देश्य क्रिकेट के जरिए दुनियाभर के प्रशंसकों को एक मंच पर जोड़ना है।
जय शाह ने क्या कहा?
ICC चेयरमैन जय शाह ने सोशल मीडिया पर कहा,
“तीन देशों में 12 वेन्यू और ICC Men’s Cricket World Cup 2027 के लिए नए ब्रांड का ऐलान बेहद रोमांचक है। यह दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों को जोड़ने वाले एक यादगार सफर की शुरुआत है और खेल के सबसे बड़े वैश्विक आयोजनों में से एक के लिए उत्साह बढ़ाएगा।”
ICC World Cup 2027 Tickets: टिकट कैसे मिलेंगे?
अगर आप ICC ODI वर्ल्ड कप 2027 के मैच स्टेडियम में जाकर देखना चाहते हैं, तो अभी से Interest Registration शुरू हो चुका है।
फैंस रजिस्ट्रेशन कराकर
- टिकट बिक्री की सबसे पहले जानकारी पा सकेंगे।
- मैच शेड्यूल और अपडेट प्राप्त करेंगे।
- आधिकारिक ऑफर्स और टूर्नामेंट से जुड़ी घोषणाओं की जानकारी मिलेगी।
- ICC जल्द ही टिकट बिक्री की तारीखों का भी ऐलान करेगा।