रायपुर – प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक राहत की खबर यह है कि अब उनका लोड बढ़ने पर तीन माह बाद ही अगले माह के बिजली बिल में लोड का शुल्क जुड़कर नहीं आएगा। छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी ने फैसला किया है कि अब साल में एक बार दिसंबर के बिल में बढ़े लोड का शुल्क जोड़कर भेजा जाएगा। एक किलोवाट का शुल्क 944 रुपए लगता है। इस बार गर्मी में लोड बढने पर शुल्क भी जोड़कर भेजने के कारण बिल ज्यादा आने को लेकर भारी हाहाकार मचा है।
प्रदेश भर में बिजली उपभोक्ताओं का लोड अब आवेदन दिए बिना ही बढ़ा दिया जाता है। पहले जब आवेदन देकर लोड बढ़ाने का नियम था, तब उपभोक्ता खुद से कभी भी लोड बढ़ाने के लिए आवेदन ही नहीं करते थे। इसके कारण खासकर गर्मी में बहुत परेशानी होती थी। ट्रांसफार्मरों में लोड बढ़ने के कारण अक्सर ट्रांसफार्मर ट्रिप हो जाते थे और घंटों बिजली गुल की परेशानी होती थी।
तीन माह लोड की गणना
पॉवर कंपनी ने बीते कुछ साल से लोड के लिए नियम में बदलाव किया है। अब किसी भी उपभोक्ता का लोड अगर तीन माह तक बढ़ा हुआ आता है तो उसके बढ़े लोड का शुल्क बिजली बिल में जोड़कर भेज दिया जाता है। अगर किसी उपभोक्ता ने कनेक्शन लेते समय एक किलोवाट के लोड का कनेक्शन लिया है और उनका लोड बढ़कर दो या तीन किलोवाट हो जाता है तो बढ़े लोड का पैसा उनके बिजली बिल में जुड़कर आ जाता है। एक किलोवाट के लिए 800 शुल्क और 18 फीसदी जीएसटी मिलाकर 944 रुपए होते हैं। इतना शुल्क किलोवाट के हिसाब से जुड़कर आ जाता है।
अब समय तय
अब तक उपभोक्ताओं का लोड बढ़ने के बाद तीन माह बाद ही बिजली बिल में लोड का शुल्क जोड़कर भेजा जा रहा था। इस बार गर्मी में खपत बढ़ने के साथ ही बढ़े लोड का शुल्क भी जुड़ने के कारण उपभोक्ताओं का बिल बहुत ज्यादा हो गया। इसी के साथ स्मार्ट मीटर के तेज चलने के आरोप के कारण भी भारी हंगामा होने पर अब पॉवर कंपनी ने तय किया है कि उपभोक्ता का लोड साल में गर्मी में बढ़े या फिर कभी भी बढ़े, उसकी वसूली तीन माह बाद न करके सीधे दिसंबर के बिल में की जाएगी। दिसंबर में ठंड का मौसम होने के कारण खपत कम रहती है तो बिल भी कम आता है। ऐसे समय में लोड की वसूली होने से भार ज्यादा नहीं पड़ेगा।
दिसंबर के बिल में लेंगे
वितरण कंपनी एमडी भीम सिंह कंवर ने बताया कि, अब साल में एक बार बढ़े हुए लोड का शुल्क दिसंबर के बिल में जोड़कर लिया जाएगा। दिसंबर का बिल जब जनवरी में आएगा तो उसमें शुल्क जुड़ा रहेगा।