कोरिया। जिले के ग्राम पंचायत कदमनारा में सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार और अधूरे कार्य को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। कदमनारा से लवनापारा तक बन रही सड़क बरसात के बीच लोगों के लिए राहत की बजाय परेशानी का कारण बन गई है। हालात से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपाई कर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की।
15 दिन काम, फिर बंद हो गया निर्माण
ग्रामीणों के मुताबिक करीब पांच किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य लगभग दो महीने पहले शुरू हुआ था, लेकिन केवल 15 दिन तक काम करने के बाद ठेकेदार निर्माण अधूरा छोड़कर चला गया। सड़क की खुदाई के बाद काम रुकने से बारिश में पूरा मार्ग दलदल में बदल गया है, जिससे रोजमर्रा की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि इसी सड़क से प्रतिदिन करीब 500 लोग आवागमन करते हैं। कीचड़ और फिसलन के कारण सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें हर दिन इसी रास्ते से स्कूल जाना पड़ता है। वहीं आपात स्थिति में एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पा रही है, जिससे मरीजों को खाट पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर 12 जुलाई को कलेक्टर को लिखित शिकायत भी दी गई थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की कथित अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपाई कर विरोध दर्ज कराया और निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की।