Meta Pixel

शिक्षकों की शर्मनाक हरकत : स्कूल में ही पैग लगाते पकड़े गए दो मास्टर

Spread the love

मैनपुर – गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) से एक ऐसा शर्मनाक मामला सामने आया है,  जिसने शिक्षा व्यवस्था की साख पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस विद्यालय को ज्ञान का मंदिर माना जाता है, वहीं से दो शिक्षकों द्वारा स्कूल समय में ही दफ्तर के भीतर शराब पीने का कथित आरोप लगा है। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है। 

इधर, बीईओ ने मामले की जांच करने कड़ी कार्रवाई की बात कही है। मीडिया टीम के औचक निरीक्षण के दौरान सामने आए दावों के मुताबिक, घटना के समय स्कूल के तीन शिक्षक अवकाश (छुट्टी) पर थे। वहीं शाला में पदस्थ दो शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान कथित रूप से कार्यालय कक्ष के भीतर बैठकर शराब और चखने का लुत्फ उठा रहे थे। एक तरफ शिक्षक दफ्तर में ‘मिड-डे पैग’ खींच रहे थे, वहीं दूसरी ओर परिसर में मौजूद मासूम बच्चे अपनी पढ़ाई के लिए भटक रहे थे। इतना ही नहीं, शिक्षकों के पहनावे पर भी सवाल उठे हैं। दोनों शिक्षक निर्धारित ड्रेस कोड का उल्लंघन करते हुए टी-शर्ट और कार्गो जींस पहनकर स्कूल पहुंचे थे।

सवाल पूछने पर गाली-गलौज और अभद्रता 
आरोप है कि,  जब मीडिया की टीम ने मौके पर पहुंचकर इस अनुशासनहीनता पर जवाब मांगा, तो दोनों शिक्षक भड़क गए और कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए विवाद करने लगे। इस पूरी शर्मनाक करतूत का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

बीईओ बोले- लेंगे एक्शन
मामले की गंभीरता को देखते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी देवनाथ बघेल ने कहा कि प्रकरण उनके संज्ञान में आया है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर दोषी शिक्षकों के खिलाफ सख्त से सख्त नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। 

ग्रामीणों में गुस्सा
शिक्षकों के इस व्यवहार से अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि जहां बच्चों को संस्कार और अनुशासन का पाठ पढ़ाना चाहिए, वहां शिक्षकों की ऐसी हरकतें पूरी शिक्षा प्रणाली पर धब्बा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *