अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवक अंडा नहीं मिलने से नाराज होकर गांव के एयरटेल टावर पर चढ़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान शिव शंकर (पिता- शुकुल), निवासी ग्राम जमगला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसे प्रतिदिन अंडा खाने की आदत है। शनिवार को जब उसे अंडा नहीं मिला तो वह नाराज होकर गांव के एयरटेल मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से नीचे उतारा
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया गया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद युवक सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद लोगों और पुलिस ने राहत की सांस ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।