Meta Pixel

गुरु रविदास जयंती: वाराणसी से पहुंचे पावन कलश रथ का राजिम में भव्य स्वागत, समरसता का संदेश गांव-गांव पहुंचेगा

Spread the love

राजिम। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत वाराणसी स्थित श्री गुरु रविदास जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से लाई गई पावन माटी युक्त कलश यात्रा का राजिम में श्रद्धा, उत्साह और भव्य स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा, जयघोष और आतिशबाजी के साथ कलश रथ का अभिनंदन किया।

रायपुर से राजिम पहुंचा पावन कलश

पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संत-महात्माओं, राजिम लोचन महाराज, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रिपरिषद के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पावन कलश को सम्मानपूर्वक रवाना किया गया। इसके बाद कलश रथ राजिम पहुंचा, जहां राजिम पुल से गुरु रविदास मंदिर तक भव्य स्वागत यात्रा निकाली गई।

समरसता और सामाजिक एकता का संदेश

भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने बताया कि यह पावन कलश गरियाबंद जिले के सभी मंडलों और गांवों तक ले जाया जाएगा। इसका उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज द्वारा दिए गए समरसता, समानता, सामाजिक सद्भाव और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान सामाजिक जागरूकता और भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।

बड़ी संख्या में शामिल हुए जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता

इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, कार्यक्रम संयोजक चंद्रशेखर साहू, जिला महामंत्री आशीष शर्मा, जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही यह कलश यात्रा प्रदेश में सामाजिक समरसता, समानता और एकता का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *