Meta Pixel

अंबिकापुर में ABVP ने किया चक्काजाम : संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में वित्तीय घोटालों का आरोप, उग्र आंदोलन की चेतावनी

Spread the love

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में कथित वित्तीय अनियमितताओं और मूलभूत सुविधाओं की बदहाली को लेकर छात्रों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में छात्रों ने अंबिकापुर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग स्थित नेशनल हाईवे-343 को जाम कर प्रदर्शन किया। छात्रों ने सुरक्षा, साफ-सफाई और विश्वविद्यालय के अधूरे निर्माण कार्य में घोटाले के आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि, विश्वविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर हर महीने करीब 9 लाख रुपये और फिनायल व साफ-सफाई सामग्री की खरीद के नाम पर 3 लाख रुपये से अधिक खर्च दिखाया जा रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर इसकी स्थिति बेहद खराब है। छात्रों ने इन खर्चों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

छात्रों ने नेशनल हाईवे-343 पर किया चक्काजाम
छात्रों का कहना है कि, विश्वविद्यालय के नए परिसर का निर्माण आज तक पूरा नहीं हो सका है। वहीं नेशनल हाईवे-343 से विश्वविद्यालय तक जाने वाली लगभग तीन किलोमीटर लंबी सड़क भी जर्जर हालत में है, जिससे छात्रों और कर्मचारियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी मुद्दे को लेकर छात्रों ने हाईवे जाम कर विरोध दर्ज कराया।

छात्रों ने उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज पर भी निशाना साधते हुए कहा कि, विश्वविद्यालय उनके पिता संत गहिरा गुरु के नाम पर है, इसके बावजूद सड़क और कथित घोटालों जैसे गंभीर मामलों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जांच और सुधारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *