रायपुर। स्वतंत्रता दिवस 2026 को लेकर बस्तर में इस बार विशेष आयोजन की तैयारी की गई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी 10 से 15 अगस्त तक बस्तर संभाग में कई कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस दौरान तिरंगा अभियान, शहीदों के सम्मान, बाइक रैली और गांव-गांव जनसंपर्क जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जोड़ा जाएगा।
42 गांवों में पहली बार होगा ध्वजारोहण
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के अनुसार 10 अगस्त से 14 अगस्त के बीच भाजपा कार्यकर्ता बस्तर के गांव-गांव और घर-घर पहुंचेंगे। अभियान के जरिए लोगों को राष्ट्रीय पर्व से जोड़ने और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को बीजापुर के 33 और नारायणपुर के 9 गांवों में पहली बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इन गांवों में स्वतंत्रता दिवस का आयोजन विशेष रूप से किया जाएगा।
नक्सल मुठभेड़ वाले क्षेत्रों में निकलेगी बाइक रैली
जिन क्षेत्रों में बड़े नक्सली मुठभेड़ हुए हैं, वहां बाइक रैली निकाली जाएगी। इस अभियान में महिला बाइकर्स की टोली भी शामिल होगी। इसका उद्देश्य स्थानीय लोगों को जोड़ना और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना बताया गया है।
शहीद परिवारों और हिंसा प्रभावित लोगों तक पहुंचेगी BJP
कार्यक्रम के तहत भाजपा कार्यकर्ता शहीद जवानों के घर जाकर उन्हें तिरंगा भेंट करेंगे। साथ ही नक्सली हिंसा से प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात कर उन्हें सम्मान और सहयोग का संदेश दिया जाएगा।
500 से अधिक स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों का होगा नामकरण
उप मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि बस्तर में 500 से अधिक स्कूलों और सामूहिक सार्वजनिक स्थानों का नाम शहीदों के नाम पर रखा जाएगा। इसका उद्देश्य शहीदों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और उन्हें सम्मान देना है।