Chhattisgarh Stunt Video: छत्तीसगढ़ में सड़क पर खतरनाक स्टंटबाजी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बिलासपुर के कोटा क्षेत्र में चलती बाइक पर स्टंट और कार की सनरूफ से बाहर निकलकर रील बनाने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। वहीं, कोरबा में चलती बोलेरो की खिड़की से बाहर निकलकर स्टंट करने और शराब की बोतल दिखाने के मामले में पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है।
चलती कार की सनरूफ से बाहर निकला युवक
बिलासपुर के कोटा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें ऑल इंडिया परमिट वाली एक कार (25BH6553N) वन-वे सड़क पर चलती दिखाई दे रही है। इसी दौरान एक युवक कार की सनरूफ से बाहर निकला नजर आता है।
बताया जा रहा है कि पीछे से गुजर रहे बाइक सवार ने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
बाइक की पिछली सीट पर खड़े होकर स्टंट
दूसरे वायरल वीडियो में बाइक (CG10ER1740) पर दो युवक नजर आ रहे हैं। वीडियो में पीछे बैठा युवक बाइक की सीट पर खड़े होकर खतरनाक स्टंट करता दिखाई देता है।
खास बात यह है कि जिस सड़क पर यह स्टंट किया जा रहा था, वहां आगे और पीछे से दूसरे वाहन भी गुजर रहे थे। ऐसे में जरा सी चूक से गंभीर हादसा हो सकता था।
दोनों वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर और वीडियो में मिले अन्य सुरागों के आधार पर संबंधित युवकों की पहचान शुरू कर दी है। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
कोनी-सेंदरी रोड के स्टंट पर हाईकोर्ट ने लिया था संज्ञान
बिलासपुर में सड़क पर स्टंटबाजी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले कोनी-सेंदरी रोड पर चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर दो युवतियों के रील बनाने का वीडियो सामने आया था।
मामले का छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने भी संज्ञान लिया था। कोर्ट ने बिलासपुर SSP से पूछा था कि वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई। चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच ने सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस से कार्रवाई की जानकारी मांगी थी।
कोरबा में बोलेरो से स्टंट, शराब की बोतल दिखाने का आरोप
कोरबा में भी रील बनाने के लिए खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया। मानिकपुर चौकी क्षेत्र में वायरल वीडियो में एक युवक चलती बोलेरो की खिड़की से बाहर निकला दिखाई देता है। उसके हाथ में शराब की बोतल भी नजर आ रही है।
बताया गया कि कुछ युवक बोलेरो वाहन (CG 12 BK 5855) में सवार होकर वहां पहुंचे थे। वीडियो में वाहन के चलते समय एक युवक को खिड़की से बाहर निकलकर स्टंट करते देखा गया। इस तरह की हरकत से सड़क पर गंभीर दुर्घटना का खतरा पैदा हो सकता था।
पुलिस ने चालक को किया गिरफ्तार
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। उपलब्ध वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चालक की पहचान राहुल पटेल के रूप में की गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और बोलेरो को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि सड़क पर इस तरह की खतरनाक स्टंटबाजी न केवल खुद की जान को जोखिम में डालती है, बल्कि दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी खतरा पैदा कर सकती है। वायरल वीडियो के आधार पर बिलासपुर में सामने आए अन्य मामलों में भी पुलिस की कार्रवाई जारी है।


