Bilaspur Crime News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोमवार को दिनदहाड़े हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई। तोरवा थाना क्षेत्र में शराब दुकान के बाहर विवाद के बाद दो युवकों ने भाजपा समर्थित पूर्व जनपद सदस्य के पति पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनका गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
हमले के दौरान एक बुजुर्ग भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आरोपियों ने शराब दुकान में तोड़फोड़ की और वहां लगे CCTV कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
पूर्व जनपद सदस्य के पति की हत्या
मृतक की पहचान बबला साहू उर्फ शिवनंदन साहू (56) के रूप में हुई है। वह देवरी खुर्द के रहने वाले थे और पेशे से ऑटो चालक बताए जा रहे हैं। उनकी पत्नी गीता साहू पूर्व जनपद सदस्य रह चुकी हैं और भाजपा समर्थित बताई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, बबला साहू का तोरवा स्थित शराब दुकान के सामने दो युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों युवकों ने उन पर हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने चाकू से बबला साहू के गले पर वार किया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर उनका मोबाइल भी पड़ा मिला।
हत्या के बाद शराब दुकान में तोड़फोड़
हत्या की वारदात के बाद आरोपियों ने मौके पर हंगामा किया। इससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद आरोपियों ने शराब दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने दुकान में लगे CCTV कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि घटना से जुड़े सबूतों को नुकसान पहुंचाया जा सके। वारदात के बाद कुछ समय के लिए शराब दुकान बंद कर दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से पहले की CCTV फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी।
बुजुर्ग पर भी चाकू से हमला
हत्या की जांच और आरोपियों की तलाश के बीच तोरवा क्षेत्र के बूटापारा निवासी कन्हैया लाल (65) पर भी चाकू से हमला किए जाने की खबर सामने आई।
बताया गया कि रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी कन्हैया लाल पर देवरीखुर्द के एनीकट के पास बाइक सवारों ने हमला किया। उनके गले पर चाकू से वार किया गया, जिसके बाद गंभीर हालत में उन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
क्या दोनों वारदातों के आरोपी एक ही?
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि बबला साहू की हत्या और बुजुर्ग कन्हैया लाल पर हुए हमले के पीछे क्या एक ही आरोपी हैं।
स्थानीय स्तर पर ऐसी आशंका जताई जा रही है कि दोनों घटनाओं को अंजाम देने वाले लोग एक ही हो सकते हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
इसके अलावा एक बच्चे पर भी चाकू से हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है, लेकिन इसकी भी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और आसपास के CCTV फुटेज के अलावा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।