Pune Dog Attack: महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवाड़ से आवारा कुत्तों के हमले की एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है। चिखली इलाके में सात आवारा कुत्तों के झुंड ने चार साल की बच्ची पर हमला कर दिया। बच्ची को गंभीर चोटें आई हैं और उसके सिर पर 80 से ज्यादा टांके लगाए गए हैं। घटना के बाद इलाके में आवारा कुत्तों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि घटना रविवार दोपहर की है। बच्ची के पिता गिरधर मिश्रा के अनुसार, उनकी बेटी घर से पास के पेड़ से कुछ पत्तियां लेने के लिए निकली थी। जैसे ही वह पेड़ के पास पहुंची, वहां मौजूद कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया।
43 सेकेंड तक बच्ची पर हमला
बताया गया कि बच्ची ने कुत्तों से बचने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान दो कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया और उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद झुंड के अन्य कुत्ते भी बच्ची पर टूट पड़े।
परिजनों के मुताबिक, करीब 43 सेकेंड तक कुत्तों ने बच्ची को काटा और नोचा। हमले में उसके सिर के अलावा हाथ और जांघ पर भी चोटें आई हैं।
बच्ची की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने कुत्तों को भगाया और घायल बच्ची को उठाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
घटना का CCTV फुटेज मंगलवार को सामने आया है। फुटेज में कुत्तों का झुंड बच्ची को चारों तरफ से घेरता नजर आ रहा है। बच्ची उनसे बचने के लिए भागती दिखाई देती है, लेकिन कुछ ही पलों में कुत्ते उस पर हमला कर देते हैं।
इसके बाद अन्य कुत्ते भी वहां पहुंच जाते हैं। स्थानीय लोगों के आने के बाद कुत्ते वहां से भागते हैं और बच्ची को बचाया जा सका।
पिता ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की
बच्ची के पिता ने इलाके में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक गंभीर समस्या बन चुका है और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को तत्काल कदम उठाने चाहिए।
बच्ची के साथ हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कल्याण में 7 घंटे में 130 लोगों को कुत्ते ने काटा
महाराष्ट्र के ही कल्याण में भी आवारा कुत्ते के हमले की एक बड़ी घटना सामने आई थी। जानकारी के मुताबिक, एक कुत्ते ने करीब 7 घंटे के दौरान 130 लोगों को काट लिया।
बताया गया कि रविवार दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुए हमलों में सड़क पर पैदल चल रहे लोगों के अलावा बाइक सवार और ऑटो में सफर कर रहे लोग भी निशाना बने।
इस घटना में करीब 25 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल 11 साल की बच्ची को मुंबई के सायन अस्पताल रेफर किया गया।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से कुत्ते के पकड़े जाने की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद आवारा कुत्तों से सुरक्षा और उनकी संख्या को नियंत्रित करने को लेकर स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठ रहे हैं।
1. बच्ची घर से पत्तियां लेने निकली

2. कुत्तों को देखकर भागने की कोशिश की

3. शुरू में 2 कुत्तों ने हमला किया

4. सात कुत्तों के झुंड ने बच्ची को काटा-नोंचा

5. बच्ची की चीख सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे, कुत्ते भागे

6. लोगों ने कुत्तों को भगाया और बच्ची को उठाकर अस्पताल ले गए
