अगर घर पर कुछ मीठा, चॉकलेटी और थोड़ा अलग बनाने का मन है, तो सूजी और किटकैट से तैयार होने वाला यह केक एक बढ़िया विकल्प है। इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ओवन की जरूरत नहीं है। आप इसे माइक्रोवेव के अलावा कड़ाही में भी आसानी से तैयार कर सकते हैं।
इस केक में किटकैट के साथ नारियल और मूंगफली का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी खास हो जाता है। वहीं सूजी के इस्तेमाल से केक का टेक्सचर सामान्य मैदा वाले केक से थोड़ा अलग रहता है।
किटकैट केक बनाने के लिए सामग्री
- किटकैट चॉकलेट
- नारियल
- मूंगफली
- 1 कप सूजी
- आधा कप चीनी
- जरूरत के अनुसार पानी
- 1 चम्मच बेकिंग पाउडर
- सजाने के लिए पिघली हुई चॉकलेट और किटकैट
किटकैट केक बनाने की आसान विधि
स्टेप 1: किटकैट का मिश्रण तैयार करें
सबसे पहले एक पैन में पानी लें और उसमें किटकैट चॉकलेट, नारियल और मूंगफली डाल दें। इसे करीब 10 मिनट तक उबालें। इसके बाद गैस बंद करके मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। ठंडा होने पर इसे मिक्सर में डालकर अच्छी तरह पीस लें और एक तरफ रख दें।
स्टेप 2: सूजी का बैटर बनाएं
अब एक बर्तन में 1 कप सूजी और आधा कप चीनी डालकर बारीक पीस लें। इसमें बेकिंग पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद तैयार किया हुआ किटकैट, नारियल और मूंगफली का मिश्रण इसमें डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।
बैटर को कुछ समय के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए। अगर बैटर बहुत गाढ़ा दिखाई दे तो थोड़ा पानी डालकर इसकी कंसिस्टेंसी ठीक कर सकते हैं।
स्टेप 3: बैटर को मोल्ड में डालें
केक टिन या बेकिंग मोल्ड को तेल या मक्खन से अच्छी तरह ग्रीस करें। इसमें तैयार बैटर डालें और मोल्ड को हल्का सा टैप करें, ताकि बैटर समान रूप से फैल जाए और अतिरिक्त एयर बबल्स निकल जाएं।
स्टेप 4: माइक्रोवेव में पकाएं
अब केक मोल्ड को माइक्रोवेव में रखें और पकने दें। केक का समय माइक्रोवेव की पावर और सेटिंग के अनुसार अलग-अलग हो सकता है। इसलिए बीच में टूथपिक डालकर केक को चेक करते रहें। टूथपिक साफ निकलने लगे तो समझिए केक तैयार है।
कड़ाही में भी बना सकते हैं केक
अगर आपके पास माइक्रोवेव नहीं है, तो चिंता की जरूरत नहीं। इस केक को कड़ाही में भी बनाया जा सकता है। सबसे पहले कड़ाही को कुछ मिनट प्रीहीट करें। इसके अंदर एक स्टैंड रखें और उसके ऊपर केक टिन रख दें। कड़ाही को ढककर धीमी आंच पर केक पकाएं। बीच-बीच में टूथपिक से इसकी जांच करते रहें।
स्टेप 5: किटकैट से सजाएं
केक पक जाने के बाद उसे पूरी तरह ठंडा होने दें। इसके बाद सावधानी से मोल्ड से बाहर निकालें। ऊपर से पिघली हुई चॉकलेट फैलाएं और किटकैट के टुकड़ों से सजाएं। चाहें तो चॉकलेट चिप्स और मूंगफली भी ऊपर से डाल सकते हैं।
किटकैट की चॉकलेटी मिठास, नारियल और मूंगफली का स्वाद इस केक को खास बनाता है। अगर आप घर पर बिना ओवन के कोई नया और स्वादिष्ट डेजर्ट बनाना चाहते हैं, तो यह आसान किटकैट केक रेसिपी जरूर ट्राई कर सकते हैं।