Meta Pixel

सेल सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा ने किया दो दिवसीय भिलाई दौरा; माननीय मुख्यमंत्री से मुलाकात कर संयंत्र विस्तार के लिए मांगा सहयोग, रावघाट खदानों की प्रगति की समीक्षा

Spread the love

सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉ. अशोक कुमार पंडा ने 12 एवं 13 अगस्त 2026 को सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र का दो दिवसीय दौरा किया। अपने दौरे के अवधी में उन्होंने सेल प्रबंध प्रशिक्षु (टेक्निकल) 2026 के सेन्ट्रल इंडक्शन कार्यक्रम का शुभारंभ किया, सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र की रावघाट खदानों का दौरा कर खनन गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की तथा सेल की ईआरपी आधुनिकीकरण पहल प्रोजेक्ट विहान का उद्घाटन किया। उन्होंने सेल-बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी की।

इस दो दिवसीय भिलाई दौरे में महत्वपूर्ण रूप से सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा ने रायपुर में छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर निदेशक प्रभारी (बीएसपी) श्री चित्त रंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सीएमडी ने सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के आगामी विस्तार के लिए राज्य सरकार के सहयोगात्मक समर्थन का आग्रह किया।

सीएमडी ने इस दौरान रायपुर में मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन श्री विकास शील, अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन एवं जलवायु परिवर्तन) आईएएस श्री मनोज कुमार पिंगुआ, मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव आईएएस श्री सुबोध कुमार सिंह तथा मुख्यमंत्री के सचिव एवं सचिव (वित्त) आईएएस श्री मुकेश कुमार बंसल से भी मुलाकात की और विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।

भिलाई आगमन पर सर्वप्रथम सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा का भिलाई निवास में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर सीआईएसएफ के जवानों द्वारा उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।

इसके पश्चात अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉ. अशोक कुमार पंडा ने सेल प्रबंध प्रशिक्षु (टेक्निकल) 2026 के सेन्ट्रल इंडक्शन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में निदेशक (कार्मिक), सेल श्री के.के. सिंह तथा निदेशक प्रभारी (बीएसपी) श्री चित्त रंजन महापात्र सहित कार्यपालक निदेशक, वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सेल की विभिन्न इकाइयों एवं कॉरपोरेट कार्यालय के निदेशकों ने भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।

अपने दौरे के क्रम में सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा ने सेल-बीएसपी की रावघाट खदानों का दौरा किया और वहां संचालित खनन गतिविधियों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ निदेशक प्रभारी (बीएसपी) श्री चित्त रंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशक (माइंस) श्री कमल भास्कर, कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार तथा मुख्य महाप्रबंधक (माइंस-रावघाट) श्री अनुपम बिष्ट उपस्थित रहे।

13 अगस्त को अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉ. अशोक कुमार पंडा ने मानव संसाधन केन्द्र में प्रोजेक्ट विहान के अंतर्गत सेल ईआरपी सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर निदेशक प्रभारी (बीएसपी) श्री चित्त रंजन महापात्र तथा कार्यपालक निदेशक उपस्थित रहे। प्रोजेक्ट विहान सेल की एंटरप्राइज-वाइड ईआरपी आधुनिकीकरण पहल है, जिसके माध्यम से संगठन के मौजूदा लीगेसी एसएपी प्लेटफॉर्म से सैप एस/4हाना की डिजिटल प्रणालियों एवं प्रक्रियाओं की ओर ट्रांजिशन किया जा रहा है।

इसके उपरांत सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा ने इस्पात भवन में संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में निदेशक प्रभारी (बीएसपी) श्री चित्त रंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक में डॉ. अशोक कुमार पंडा ने सेल-बीएसपी के शीर्ष प्रबंधन के साथ संयंत्र के प्रदर्शन एवं विभिन्न महत्वपूर्ण गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने भिलाई इस्पात संयंत्र के समग्र प्रदर्शन के साथ-साथ रावघाट माइंस परियोजना की प्रगति की भी व्यापक समीक्षा की। उन्होंने भविष्य के लिए महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित करने, डिस्पैच में वृद्धि करने तथा सुरक्षा एवं उत्पादकता पर निरंतर विशेष ध्यान बनाए रखने पर जोर दिया।

उन्होंने रावघाट क्षेत्र में पूर्ण पैमाने पर खनन परिचालन को शीघ्र पूरा करने तथा दल्ली राजहरा–रावघाट–जगदलपुर रेल परियोजना को गति देने की आवश्यकता पर भी विशेष बल दिया।

सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा का यह दो दिवसीय दौरा सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के उत्पादन, उत्पादकता, सुरक्षा, कच्चे माल की सुरक्षा, खनन गतिविधियों, लॉजिस्टिक्स तथा डिजिटल आधुनिकीकरण के साथ-साथ संयंत्र के आगामी विस्तार के लिए राज्य सरकार के सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *