Meta Pixel

भिलाई में सेल ईआरपी सेंटर का उद्घाटन; विहान परियोजना के तहत डिजिटल परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

Spread the love

सेल के डिजिटल परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में भिलाई इस्पात संयंत्र में सेल ईआरपी सेंटर का उद्घाटन सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार पंडा ने 13 अगस्त, 2026 को किया। इस अवसर पर निदेशक प्रभारी (भिलाई इस्पात संयंत्र) श्री चित्त रंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशकगण, सेल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कार्यपालक, विहान परियोजना की टीम के सदस्य तथा क्रियान्वयन सहयोगी संस्था मेसर्स एक्सेंचर के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सेल ने अपनी डिजिटल परिवर्तन यात्रा को गति देने के लिए महत्वाकांक्षी एवं प्रतिष्ठित विहान परियोजना – “एक सेल के लिए, एक ईआरपी” की शुरुआत की है। इस परियोजना का उद्देश्य सेल के विभिन्न संयंत्रों, इकाइयों, कार्यप्रणालियों एवं व्यवसायिक प्रक्रियाओं को एक साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एकीकृत करना है। इससे संगठन में प्रक्रियाओं का अधिक मानकीकरण एवं पारदर्शिता सुनिश्चित होने के साथ-साथ विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर एकीकरण और डेटा आधारित निर्णय लेने की क्षमता को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।

भिलाई में स्थापित सेल ईआरपी सेंटर में सेल के विभिन्न कार्यक्षेत्रों के विशेषज्ञ तथा कंसल्टेंट्स टीम के सदस्य एकीकृत टीम के रूप में कार्य करेंगे। यह टीम “वन सेल” की सामूहिक शक्ति, अनुभव एवं व्यावसायिक आवश्यकताओं को प्रतिबिंबित करने वाली ईआरपी प्रणाली के डिजाइन एवं क्रियान्वयन की दिशा में मिलकर कार्य करेगी।

इस अवसर पर अपने संबोधन में अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, सेल डॉ. अशोक कुमार पंडा ने विहान परियोजना के संबंध में अपना मार्गदर्शन साझा किया। उन्होंने परियोजना की सफलता के लिए आपसी समन्वय, अनुशासित क्रियान्वयन तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के महत्व पर बल दिया। उनका मार्गदर्शन विहान परियोजना की टीम के लिए इस परिवर्तनकारी कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने के लिए स्पष्ट उद्देश्य एवं उत्तरदायित्व का आधार बना।

सेल ईआरपी सेंटर की भिलाई में स्थापना का स्वागत करते हुए निदेशक प्रभारी, भिलाई इस्पात संयंत्र श्री चित्त रंजन महापात्र ने विहान परियोजना की टीम से अपनी अपेक्षाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि इस सेंटर के लिए भिलाई का चयन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि भिलाई का सेल में उत्कृष्टता, नवाचार एवं तकनीकी उन्नयन की समृद्ध परंपरा से लंबे समय से जुड़ाव रहा है।

विहान परियोजना की अब तक की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए मुख्य महाप्रबंधक (सी&आईटी), निगमित कार्यालय श्री एस. के. सुंके ने परियोजना की यात्रा और आगे की दिशा का परिदृश्य प्रस्तुत किया। उन्होंने परियोजना के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए सेल के विभिन्न संयंत्रों, इकाइयों एवं व्यवसायिक कार्यक्षेत्रों के बीच समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे सामूहिक प्रयासों के माध्यम से संगठन के लिए एक एकीकृत डिजिटल इकोसिस्टम विकसित किया जा सकेगा।

कार्यक्रम में अतिथियों एवं गणमान्यजनों का स्वागत करते हुए प्रोजेक्ट मैनेजर, विहान परियोजना श्री अजय सचदेव ने अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, सेल डॉ. अशोक कुमार पंडा, निदेशक प्रभारी, भिलाई इस्पात संयंत्र श्री चित्त रंजन महापात्र तथा कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन के साथ-साथ विभिन्न एजेंसियों, टीमों एवं संबंधित व्यक्तियों के समन्वित प्रयासों को भी रेखांकित किया, जिनके सहयोग से सेल ईआरपी सेंटर की स्थापना एवं इसे कार्यारंभ के लिए तैयार करना संभव हुआ। कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक (सेल ईआरपी सेल) श्री जे. पी. एस. चौहान ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *