Meta Pixel

रायगढ़ में शान से लहराया तिरंगा : वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया ध्वजारोहण, विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का किया आह्वान

Spread the love

रायगढ़ – देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायगढ़ के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह देशभक्ति और उत्साह के माहौल में आयोजित हुआ। समारोह में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली।

ध्वजारोहण के बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन किया। समारोह के दौरान देशभक्ति से सराबोर माहौल के बीच आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए। वित्त मंत्री ने जिलेवासियों सहित प्रदेश और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रभक्तों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर सपूतों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके अथक प्रयासों से देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि आजादी केवल हमारा अधिकार नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प भी है। 

‘तिरंगा हर भारतीय के दिल में गर्व जगाता है’
वित्त मंत्री ने कहा कि, जब तिरंगा लहराता है, तो सिर्फ आसमान नहीं, हर भारतीय का दिल गर्व से झूम उठता है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। यह हर भारतीय को राष्ट्रहित में समर्पित होकर काम करने की प्रेरणा देता है।

विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प
ओपी चौधरी ने देशवासियों से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को आत्मसात करने और विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कामना की कि भारत निरंतर प्रगति, समृद्धि और आत्मनिर्भरता के रास्ते पर आगे बढ़े और विश्व पटल पर नई ऊंचाइयां हासिल करे। स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रभक्ति और उत्साह के बीच तिरंगे की शान ने पूरे माहौल को गौरव और देशप्रेम से भर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *