Meta Pixel

कॉलेजों में एडमिशन की डेट बढ़ी : 31 अगस्त तक होंगे दाखिले, उच्च शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश

Spread the love

रायपुर। प्रदेश के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में प्रवेश अब 31 अगस्त तक दिए जाएंगे। पूर्व में महाविद्यालयों में प्रवेश की अंतिम तिथि प्राचार्य स्तर पर 31 जुलाई निर्धारित थी। कुलपति की विशेष अनुमति से 14 अगस्त तक प्रवेश दिए जा सकते थे। अंतिम तिथि गुजरने के बाद देर रात उच्च शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर इसमें वृद्धि कर दी हैं।

छात्र अब 31 अगस्त तक महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। दाखिले के लिए अब कोई मेरिट लिस्ट जारी नहीं की जाएगी। छात्रों को पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर प्रवेश दिए जाएंगे। विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को इस संदर्भ में सूचित कर दिया गया है।

23 हजार छात्रों को राहत
आदेश के बाद उन महाविद्यालयों को राहत मिली है, जिनकी सीटें अभी भी पूर्ण रूप से नहीं भर सकी हैं। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा मंडल ने गुरुवार को दसवीं और बारहवीं कक्षा की द्वितीय परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। बारहवीं कक्षा की द्वितीय परीक्षा में 34 हजार 493 छात्र शामिल हुए थे। इनमें से 23 हजार परीक्षा में उत्तीर्ण रहे।

रिजल्ट के बाद नहीं छूट पाएगा एडमिशन
द्वितीय परीक्षा में शामिल होने वाले अधिकतर छात्र पूरक श्रेणी वाले थे। इनमें से कुछ ऐसे भी थे, जो मार्च में आयोजित परीक्षा में उत्तीर्ण रहे थे, लेकिन अंक्रों से संतुष्ट नहीं होने के कारण पुनः परीक्षा दी। गुरुवार को परिणाम जारी होने के बाद इन छात्रों के पास दाखिले के लिए केवल एक दिन का समय था। ऐसे में अधिकतर छात्र प्रवेश प्राप्त नहीं कर सके। अंतिम तिथि में वृद्धि पश्चात अब इन विद्यार्थियों को एक और मौका मिल गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *