धमतरी। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जिले में मिलावटी और घटिया खाद्य सामग्री पर नजर रखने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने ‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ अभियान शुरू किया है। 17 से 23 अगस्त तक चलने वाले इस सात दिवसीय अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के साथ खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए जा रहे हैं।
यह अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा, छत्तीसगढ़ के निर्देश पर चलाया जा रहा है। विभाग की टीम जिले के अलग-अलग इलाकों में मिष्ठान्न दुकानों और खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है।
मिठाइयों और खोवा के सैंपल लिए
अभियान के पहले दिन थोक मिष्ठान्न निर्माताओं और खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान गोपी डेयरी से खोवा और बेसन से तैयार मिठाइयों के नमूने लिए गए। इन सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
विभाग के मुताबिक, प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में गुणवत्ता संबंधी खामी मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदारों को दिए खाद्य सुरक्षा के निर्देश
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। विभाग ने खाद्य सामग्री को खुले में नहीं रखने, अच्छी गुणवत्ता वाले कच्चे माल का इस्तेमाल करने और कर्मचारियों को हेड कैप व ग्लव्स पहनने की सलाह दी है।
मिठाई खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
खाद्य विभाग ने आम लोगों से भी रक्षाबंधन की खरीदारी के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। नागरिकों को लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदने और पैकेट पर निर्माण व उपयोग की अंतिम तिथि जरूर जांचने की सलाह दी गई है।
विभाग ने संदिग्ध गुणवत्ता वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों से बचने की अपील की है। अभियान के दौरान जिले में निरीक्षण, सैंपलिंग और जनजागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।