Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।
लगातार बारिश के बीच बलरामपुर-रामानुजगंज में हालात चिंताजनक हो गए हैं। भारी बारिश के कारण कन्हर नदी उफान पर है और नदी का पानी रामानुजगंज के रिहायशी इलाकों के करीब पहुंच गया है।
कन्हर नदी का जलस्तर बढ़ा
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कन्हर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। इस सीजन में नदी का यह सबसे बड़ा उफान बताया जा रहा है।
रामानुजगंज नगर के वार्ड नंबर 9 में नदी का पानी सीसी रोड तक पहुंच गया है। इससे आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है और लोगों की चिंता भी बढ़ गई है।
कच्चा मकान गिरा, तीन बच्चे बाल-बाल बचे
भारी बारिश के बीच रामानुजगंज नगर के वार्ड नंबर 13 में एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। घटना के समय घर के अंदर तीन बच्चे मौजूद थे, लेकिन वे सुरक्षित बच गए।
लगातार बारिश के कारण जिले में कमजोर और कच्चे मकानों को लेकर भी खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों पर नजर रखी जा रही है।
अगले दो दिन भी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार 19 अगस्त को छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।
अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। ऐसे में नदी-नालों के जलस्तर में और बढ़ोतरी हो सकती है।
झारखंड के डिप्रेशन का असर
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, झारखंड और उससे लगे पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में बना डिप्रेशन पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगले 24 घंटे में इसके झारखंड और बिहार की ओर बढ़ने के बाद कमजोर होकर वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया में बदलने की संभावना है।
इस मौसम प्रणाली का असर छत्तीसगढ़ में बारिश के रूप में देखने को मिल रहा है। इसके अलावा मानसून ट्रफ भी सक्रिय है और पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में पिछले कुछ दिनों से बारिश का दौर जारी है। 19 अगस्त को भी शहर में बादल छाए रहने और कुछ दौर में बारिश या गरज-चमक होने की संभावना है।
रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री के आसपास रह सकता है।
प्रदेश में बुधवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड हुआ।
लगातार बारिश को देखते हुए नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।