Meta Pixel

रायपुर में नाबालिग से कथित दुष्कर्म और नवजात को बेचने का मामला, पिता-बुआ समेत 6 गिरफ्तार

Spread the love

रायपुर। राजधानी में नाबालिग से कथित तौर पर लंबे समय तक दुष्कर्म और नवजात शिशु को बेचने का गंभीर मामला सामने आया है। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय पीड़िता ने अपने पिता पर करीब तीन साल तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पिता, बुआ समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई। आरोप है कि पहली बार उसे दवा खिलाकर गर्भपात कराया गया, जबकि दूसरी बार उसकी वास्तविक उम्र छिपाकर उसे बालिग और शादीशुदा बताने की कोशिश की गई।

शराब पिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2023 में अमलीडीह क्षेत्र में एक रिश्तेदार के घर उसके पिता ने कथित तौर पर जबरन शराब पिलाई और उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता का आरोप है कि घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद भी कथित तौर पर उसका शोषण जारी रहा और वह गर्भवती हो गई।

जब उसने इसकी जानकारी अपनी बुआ को दी, तो आरोप है कि बुआ ने पिता का साथ दिया और उसके साथ मारपीट कर उसे गर्भपात की दवा खिला दी।

दूसरी बार गर्भवती होने पर फर्जी दस्तावेज का आरोप

पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2025 में पीड़िता दोबारा गर्भवती हुई। इसके बाद आरोपी पिता उसे डॉक्टर वर्षा मंडल और उनकी परिचित गीता राय के पास लेकर गया।

आरोप है कि नाबालिग की वास्तविक उम्र छिपाने के लिए कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया गया और दस्तावेजों में उसे बालिग दिखाया गया। इसके बाद उसे शादीशुदा बताकर डंगनिया स्थित वासुदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल में बेटे का जन्म, नवजात को बेचने का आरोप

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अस्पताल में एक बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद आरोपियों पर नवजात शिशु को किसी अन्य व्यक्ति को बेचने का गंभीर आरोप है।

पुलिस अब नवजात से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और अस्पताल में भर्ती कराने में किन-किन लोगों की भूमिका थी।

पिता और बुआ समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

पीड़िता की शिकायत के आधार पर न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने POCSO Act, Juvenile Justice Act और BNS की संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता, बुआ और अन्य संदिग्धों समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रोहित राय, साहेब मंडल, योगिता राय उर्फ गीता और बरखा वर्मा उर्फ वर्षा मंडल समेत छह लोग शामिल हैं। मामले में पुलिस आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *