Suji Pizza Recipe: बच्चों के लिए कुछ स्वादिष्ट और जल्दी तैयार होने वाला स्नैक बनाना चाहते हैं, तो सूजी पिज्जा एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसे बनाने के लिए मैदा या ओवन की जरूरत नहीं पड़ती। सूजी, दही, सब्जियों और चीज की मदद से इसे आसानी से पैन में तैयार किया जा सकता है।
यह रेसिपी बच्चों के टिफिन, नाश्ते या शाम की हल्की भूख के लिए भी बनाई जा सकती है।
सूजी पिज्जा के लिए सामग्री
- 1 कप सूजी
- ½ कप दही
- 2 बड़े चम्मच पिज्जा सॉस
- ½ कप बारीक कटी मिक्स सब्जियां
- ½ कप मोजरेला चीज
- ऑरिगेनो
- चिली फ्लेक्स
- स्वादानुसार नमक
- जरूरत के अनुसार पानी
- थोड़ा तेल
ऐसे तैयार करें सूजी का बैटर
सबसे पहले एक बाउल में सूजी और दही डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा बैटर तैयार करें।
बैटर को करीब 10-15 मिनट ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए। इसके बाद जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी मिलाकर बैटर को पिज्जा बेस के लिए उपयुक्त कंसिस्टेंसी में ले आएं।
पैन में ऐसे बनाएं सूजी पिज्जा
- सबसे पहले पैन को गर्म करके उस पर थोड़ा तेल लगाएं।
- अब सूजी के बैटर को पैन में डालें और चम्मच से गोल आकार में फैला दें।
- इसके ऊपर पिज्जा सॉस की एक समान लेयर लगाएं।
- अब बारीक कटी प्याज, शिमला मिर्च, कॉर्न और अपनी पसंद की अन्य सब्जियां डालें।
- सब्जियों के ऊपर मोजरेला चीज फैलाएं।
- अब ऑरिगेनो और चिली फ्लेक्स डालें।
- पैन को ढककर धीमी आंच पर पकने दें।
- जब सूजी का बेस अच्छी तरह पक जाए और चीज पूरी तरह पिघल जाए, तो गैस बंद कर दें।
गरमा-गरम सर्व करें
तैयार सूजी पिज्जा को पैन से सावधानीपूर्वक निकालें और मनचाहे आकार में काट लें। इसे टोमैटो सॉस, मेयो या अपनी पसंद की डिप के साथ गरमा-गरम परोस सकते हैं।
टॉपिंग में कर सकते हैं बदलाव
इस पिज्जा की टॉपिंग अपनी पसंद और घर में उपलब्ध सब्जियों के अनुसार बदली जा सकती है। इसमें गाजर, टमाटर, शिमला मिर्च, स्वीट कॉर्न जैसी सब्जियां शामिल की जा सकती हैं।
चीज की मात्रा भी अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा रख सकते हैं। बच्चों के लिए बनाते समय चिली फ्लेक्स की मात्रा कम रखना बेहतर रहेगा।
सूजी पिज्जा बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
सूजी पिज्जा को हमेशा धीमी या मध्यम-धीमी आंच पर पकाएं, ताकि बेस नीचे से जले नहीं और अंदर तक अच्छी तरह पक जाए।
बैटर बहुत पतला होने पर बेस टूट सकता है, जबकि बहुत गाढ़ा बैटर पैन में आसानी से नहीं फैलेगा। इसलिए बैटर की कंसिस्टेंसी ऐसी रखें कि वह चम्मच से आसानी से फैल सके।