Meta Pixel

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में बड़ा फेरबदल: 56 नए सिविल जजों की पहली पोस्टिंग, 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले

Spread the love

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने न्यायिक सेवा में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव की ओर से जारी आदेशों के तहत 56 नए सिविल जज (जूनियर डिवीजन) को पहली पदस्थापना दी गई है। इसके साथ ही हायर ज्यूडिशियल सर्विस और लोअर ज्यूडिशियल सर्विस के 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश भी जारी किए गए हैं।

56 नए सिविल जजों को पहली पोस्टिंग

राज्य शासन द्वारा प्रोबेशन पर नियुक्त 56 नए सिविल जजों को पहली बार न्यायालयों में पदस्थ किया गया है। सभी नव नियुक्त न्यायिक अधिकारियों को 29 अगस्त तक अपनी नई पदस्थापना पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

हायर ज्यूडिशियल सर्विस में 5 अधिकारियों का तबादला

हायर ज्यूडिशियल सर्विस के 5 न्यायिक अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। इनमें दंतेवाड़ा परिवार न्यायालय के जज हरीश कुमार अवस्थी को प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रायपुर बनाया गया है।

ममता पटेल को अंबिकापुर से द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं ज्योति अग्रवाल को पेंड्रारोड से न्यायाधीश, राजनांदगांव पदस्थ किया गया है।

इसके अलावा नमिता मिंज भास्कर को धमतरी और एन सिंह साहू को राजनांदगांव से अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (FTC), दंतेवाड़ा भेजा गया है।

नीरज शर्मा को रायपुर की विशेष अदालत की जिम्मेदारी

रायपुर के प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज शर्मा को SC-ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत रायपुर की विशेष अदालत का विशेष न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

वहीं अंबिकापुर में कमलेश जगदल्ला को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और स्मिता रत्नावत को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (POCSO) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सीनियर डिवीजन के जजों की भी नई पोस्टिंग

सिविल जज सीनियर डिवीजन संवर्ग में भी कई अधिकारियों की पदस्थापना बदली गई है। सतीश कुमार खाखा को प्रतापपुर से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) एवं प्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन, मुंगेली नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा भगवान दास पनिका को प्रतापपुर, श्वेता पटेल को छुईखदान, ईशान व्यास को दुर्ग और नीलेश जगदल्ला को राजनांदगांव पदस्थ किया गया है।

दुर्ग के द्वितीय अतिरिक्त जज रवि कुमार कश्यप को प्रतिनियुक्ति पर हाईकोर्ट में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) नियुक्त किया गया है।

जूनियर डिवीजन के 7 जजों का भी तबादला

सिविल जज जूनियर डिवीजन संवर्ग के 7 न्यायिक अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करना होगा।

कुल मिलाकर हाईकोर्ट के इन आदेशों से प्रदेश की न्यायिक व्यवस्था में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल हुआ है और बड़ी संख्या में न्यायिक अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *