Women’s Asia Cup 2026: विमेंस एशिया कप 2026 का आयोजन 28 अगस्त से दुबई में होगा। टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है और दोनों टीमों के बीच लीग मुकाबला 5 सितंबर को खेला जाएगा। वहीं फाइनल 13 सितंबर को होगा।
टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही ट्रॉफी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इसकी वजह एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी हैं। पिछले साल पुरुष एशिया कप के दौरान भारतीय टीम और नकवी के बीच ट्रॉफी को लेकर विवाद सामने आया था। ऐसे में अगर भारतीय महिला टीम फाइनल जीतती है, तो प्रेजेंटेशन सेरेमनी पर सभी की नजरें रहेंगी।
पिछले साल पुरुष टीम ने नहीं ली थी ट्रॉफी
सितंबर 2025 में पुरुष एशिया कप जीतने के बाद भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। उस समय पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव का माहौल था।
प्रेजेंटेशन सेरेमनी के बाद नकवी ट्रॉफी अपने साथ ले गए थे और भारतीय टीम ने बिना ट्रॉफी के ही जीत का जश्न मनाया था। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रॉफी अभी तक भारतीय टीम को नहीं सौंपी गई है।
नकवी ACC के अध्यक्ष होने के साथ-साथ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख और पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं।
अब BCCI क्या करेगा?
अगर भारतीय महिला टीम फाइनल जीतती है तो ट्रॉफी किसके हाथों से सौंपी जाएगी, इस पर BCCI ने फिलहाल अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट नहीं किया है।
भारत-पाकिस्तान मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच हाथ नहीं मिलाने की नीति के बीच एक संभावित विकल्प यह हो सकता है कि मोहसिन नकवी प्रेजेंटेशन सेरेमनी में ट्रॉफी न सौंपें और ACC का कोई अन्य अधिकारी भारतीय टीम को विजेता ट्रॉफी प्रदान करे।
ICC बैठक में भी उठा था मामला
ट्रॉफी विवाद को लेकर ICC की बोर्ड बैठक में भी चर्चा हो चुकी है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बताया था कि औपचारिक बैठक में यह मुद्दा एजेंडे का हिस्सा नहीं था, लेकिन ICC की ओर से उनकी और मोहसिन नकवी की अलग बैठक कराई गई थी।
इस दौरान दोनों पक्षों ने विवाद को सुलझाने के संभावित विकल्पों पर चर्चा की थी। हालांकि इसके बाद भी भारतीय टीम को ट्रॉफी नहीं मिली।
8 टीमें लेंगी हिस्सा
विमेंस एशिया कप का यह 10वां संस्करण होगा और मुकाबले टी-20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
ग्रुप A:
भारत, पाकिस्तान, थाईलैंड और हांगकांग-चीन
ग्रुप B:
श्रीलंका, बांग्लादेश, UAE और इंडोनेशिया
ग्रुप स्टेज के बाद दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। इसके बाद 13 सितंबर को फाइनल खेला जाएगा। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होंगे।
भारत 7 बार बन चुका है एशिया कप चैंपियन
भारतीय महिला टीम विमेंस एशिया कप की सबसे सफल टीम है। भारत ने अब तक 7 बार खिताब अपने नाम किया है।
टी-20 फॉर्मेट में भारत ने 2012, 2016 और 2022 में ट्रॉफी जीती थी। वहीं वनडे फॉर्मेट में टीम 2004, 2005-06, 2006-07 और 2008 में चैंपियन बनी थी।
टी-20 विमेंस एशिया कप की मौजूदा चैंपियन श्रीलंका है। उसने 2024 के फाइनल में भारत को 8 विकेट से हराकर पहली बार यह खिताब जीता था।