बालोद – किसानों से अनाज खरीदकर रकम का भुगतान नहीं करने के मामले में गुरूर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोंहपुर और रमतरा गांव के करीब 25 किसानों से लगभग 10 लाख 79 हजार 500 रुपये मूल्य का अनाज लेकर कथित तौर पर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
बाजार से ज्यादा कीमत का दिया झांसा
अप्रैल 2026 में आरोपियों ने किसानों से बाजार भाव से अधिक कीमत पर चना, अरहर, लाखड़ी और बटरी खरीदने का सौदा किया। अनाज पिकअप में भरकर ले जाने के बाद आरोपियों ने कुछ महीनों में भुगतान करने का भरोसा दिया, लेकिन समय बीतने के बावजूद किसानों को उनकी रकम नहीं मिली।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
भुगतान नहीं मिलने पर किसानों ने गुरूर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए जानकारी जुटाई और भानुप्रताप सिन्हा तथा इमेन्द्र कुमार ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया है।
तीसरा आरोपी अब भी फरार
मामले में शामिल तीसरा आरोपी हितेश्वर मंडावी अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। वहीं गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।