सूरजपुर – कोतवाली थाना क्षेत्र के बाईपास रोड पर शनिवार 22 अगस्त को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाईवा और बाइक के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
टक्कर के बाद हाईवा ने कुचला
बताया जा रहा है कि बाइक और हाईवा की भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। इसके बाद हाईवा की चपेट में आने से उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई और दोनों ने दम तोड़ दिया। हादसा इतना भयावह था कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।
घटना के बाद चालक फरार
हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
फिलहाल हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान के प्रयास के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। फरार हाईवा चालक की तलाश भी शुरू कर दी गई है।