Vaibhav Suryavanshi: दलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर फाइनल में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने गेंद से शानदार प्रदर्शन किया। ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए वैभव ने नॉर्थ ईस्ट जोन की दूसरी पारी में सिर्फ 4 गेंदों के अंदर 2 विकेट हासिल किए। ईस्ट जोन ने मुकाबला पारी और 210 रन से जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
एक ही ओवर में 2 विकेट
वैभव ने नॉर्थ ईस्ट जोन की दूसरी पारी के 28वें ओवर में गेंदबाजी की। अपने ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने किशन लिंगदोह को आउट किया। इसके बाद इमलीवाती लेमटूर ने पहली गेंद पर चौका लगाया, लेकिन वैभव ने पांचवीं गेंद पर उन्हें भी पवेलियन भेज दिया।
लिंगदोह का कैच सब्स्टीट्यूट फील्डर दानिश दास ने पकड़ा, जबकि लेमटूर का कैच विकेटकीपर ईशान किशन ने लपका। इस तरह वैभव ने महज चार गेंदों के अंतर में दो विकेट हासिल किए।
वैभव ने कुल 3 ओवर में 11 रन देकर 2 विकेट लिए।
वैभव की बल्लेबाजी ज्यादा नहीं चली
दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन की जर्सी से खेलते हुए वैभव ने अपना पसंदीदा नंबर-3 दिखाने के लिए जर्सी नंबर के बाकी हिस्से पर टेप लगाया था।
हालांकि, बल्लेबाजी में वह ज्यादा देर नहीं टिक सके। वैभव ने 8 रन बनाए और लगातार दो चौके लगाने के बाद ओवर की आखिरी गेंद पर गली में कैच दे बैठे।
ईस्ट जोन ने पहली पारी में बनाए 467 रन
ईस्ट जोन ने पहली पारी में 467 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से शाहबाज अहमद ने 167 रन बनाए, जो उनके फर्स्ट क्लास करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।
वहीं, सुदीप कुमार घरामी ने 146 रन और कुमार कुशाग्र ने 55 रन की पारी खेली।
इसके जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन की पहली पारी सिर्फ 111 रन पर सिमट गई। ईस्ट जोन की ओर से अब्हिजित के. सरकार ने 5 विकेट और शाहबाज अहमद ने 3 विकेट लिए।
इससे ईस्ट जोन को पहली पारी में 356 रन की बढ़त मिली और उसने नॉर्थ ईस्ट जोन को फॉलोऑन दे दिया।
दूसरी पारी में भी नहीं संभली नॉर्थ ईस्ट की टीम
फॉलोऑन खेलने उतरी नॉर्थ ईस्ट जोन की टीम दूसरी पारी में भी लगातार विकेट गंवाती रही। एक समय टीम का स्कोर 102/8 हो गया था और उसे पारी की हार से बचने के लिए 254 रन की जरूरत थी।
मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार ने नई गेंद से दबाव बनाया। इसके बाद शाहबाज अहमद और अनुकूल रॉय ने भी विकेट हासिल किए। इसी दौरान वैभव सूर्यवंशी ने एक ओवर में दो विकेट लेकर नॉर्थ ईस्ट की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
आखिरकार नॉर्थ ईस्ट जोन दूसरी पारी में 146 रन पर ऑलआउट हो गया और ईस्ट जोन ने मुकाबला पारी और 210 रन से अपने नाम कर लिया।
30 अगस्त को सेंट्रल जोन से सेमीफाइनल
इस शानदार जीत के साथ ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब टीम का सामना 30 अगस्त को सेंट्रल जोन से होगा।