Meta Pixel

शराब पिलाकर जीजा की हत्या का खुलासा: साले ने साथियों संग गला घोंटा, नाले की रेत में दफनाया शव; 4 गिरफ्तार

Spread the love

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी: जिले में करीब छह महीने पहले हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक, एक व्यक्ति ने अपने जीजा की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को नाले के किनारे रेत में दफना दिया। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत नाबालिग सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था और उसे उसके ममेरे भाई से संबंध होने का शक था। इसी पारिवारिक विवाद और रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई।

नाले के पास मिला था अज्ञात शव

घटना 5 मार्च 2026 की बताई गई है। भैंसाराटोला निवासी संजय हथगिया ने कोहका नाले के पास एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी थी।

मदनवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम कराया। रिपोर्ट में हत्या की आशंका सामने आने के बाद पुलिस ने BNS की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मृतक की पहचान कदम भुआर्य (36), निवासी राजकट्टा, थाना औंधी के रूप में हुई।

मुख्य आरोपी की तलाश में हैदराबाद पहुंची पुलिस

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह के निर्देशन और SDOP विनोद मिंज के मार्गदर्शन में जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की तकनीकी मदद और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान मुख्य संदेही चंदन अंधारे की लोकेशन हैदराबाद में मिली। पुलिस टीम वहां पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चंदन ने हत्या से जुड़ी जानकारी दी।

पत्नी से संबंध के शक को लेकर था विवाद

पुलिस के अनुसार, कदम भुआर्य को अपनी पत्नी परमेश्वरी के उसके ममेरे भाई चंदन के साथ कथित संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर वह पत्नी के साथ मारपीट करता था और चंदन से भी उसकी रंजिश थी।

पुलिस का कहना है कि परमेश्वरी का भाई चमन लाल देहरी भी मृतक के व्यवहार से नाराज था। इसके बाद चंदन और चमन ने कथित तौर पर कदम की हत्या की योजना बनाई और इसमें हेमंत राणा तथा एक नाबालिग को भी शामिल किया गया।

शराब पिलाने के बहाने खेत में ले गए

पुलिस के मुताबिक, 28 फरवरी को आरोपियों ने कदम को सीतागांव बस स्टॉप के पास रोका। इसके बाद उसे शराब पीने के बहाने चंदन के घर के पास स्थित खेत में ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार, वहां सभी ने शराब पी और जब कदम नशे में हो गया, तब आरोपियों ने कथित तौर पर गमछे से उसका गला घोंट दिया।

इसके बाद शव को पास के नाले के किनारे ले जाकर गड्ढा खोदा गया और रेत में दफना दिया गया। पुलिस का दावा है कि मृतक का मोबाइल, पर्स और जूते भी नाले में फेंक दिए गए थे, ताकि घटना से जुड़े सबूत मिटाए जा सकें।

पुलिस ने बाइक भी की जब्त

मदनवाड़ा पुलिस ने मामले में नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *