Meta Pixel

धमतरी के युवाओं ने पूरी की 165 किमी डाक कांवड़ यात्रा: आधी रात दौड़ पड़े शिवभक्त, राजिम और रुद्री में किया जलाभिषेक

Spread the love

धमतरी: जालमपुर वार्ड के युवाओं ने आस्था, साहस और जोश का शानदार उदाहरण पेश करते हुए करीब 165 किलोमीटर लंबी डाक कांवड़ यात्रा पूरी की। एकता मंच दुर्गा उत्सव समिति से जुड़े 18 से 24 वर्ष की उम्र के युवाओं ने धमतरी से राजिम और फिर राजिम से वापस धमतरी तक दौड़ते हुए यह धार्मिक यात्रा पूरी की।

यात्रा के दौरान युवाओं ने कई शिव मंदिरों में जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना के साथ भगवान शिव की आरती की।

आधी रात से शुरू हुई दौड़

कांवड़ यात्रा की शुरुआत जालमपुर वार्ड से रात करीब 12 बजे हुई। युवा लगातार दौड़ते हुए लगभग 2 बजे राजिम के कुलेश्वर धाम पहुंचे।

यहां महानदी के त्रिवेणी संगम में स्नान करने के बाद युवाओं ने कुलेश्वर महादेव मंदिर में जल अर्पित किया और भगवान शिव की आरती की।

राजिम से रुद्री तक भी दौड़ जारी रही

पूजा-अर्चना के बाद करीब 3 बजे युवाओं ने राजिम से धमतरी की ओर वापसी शुरू की। लगातार दौड़ते हुए वे सुबह करीब 6 बजे रुद्री स्थित श्री रुद्रेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे।

यहां भगवान रुद्रेश्वर का जलाभिषेक किया गया। पूजा और आरती के बाद युवा पैदल जालमपुर वार्ड पहुंचे और भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित किया।

दो सप्ताह पहले से चल रही थी तैयारी

युवाओं के मुताबिक, इस विशेष डाक कांवड़ यात्रा की तैयारी करीब दो सप्ताह पहले से शुरू कर दी गई थी। उन्हें इस यात्रा की प्रेरणा बाबा बैद्यनाथ धाम से मिली।

युवाओं ने बताया कि करीब छह घंटे तक लगातार चलने-दौड़ने के दौरान कई मुश्किलें सामने आईं, लेकिन भगवान शिव के प्रति आस्था और उत्साह के कारण उन्होंने यात्रा पूरी कर ली।

वार्ड में हुआ भव्य स्वागत

जालमपुर वार्ड पहुंचने पर वार्ड पार्षद संजय देवांगन ने कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया। इस दौरान युवाओं को दूध, केला, मिठाई और प्रसाद वितरित किया गया।

वार्डवासियों ने भी युवाओं के उत्साह, समर्पण और शिवभक्ति की सराहना की। इस अनोखी धार्मिक यात्रा के बाद पूरे इलाके में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *