Meta Pixel

चिराग पासवान ने LJP-R में किया बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: 33 राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष, नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान

Spread the love

Chirag Paswan: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) यानी LJP-R के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी संगठन में बड़ा बदलाव किया है। नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का पुनर्गठन करते हुए कई नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसके साथ ही बिहार समेत 33 राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों में भी बदलाव किया गया है।

पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर तैयार की गई नई टीम में नए चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कई बदलाव

नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 3 आमंत्रित स्थायी सदस्य, 6 उपाध्यक्ष, 1 प्रधान महासचिव, 12 महासचिव, 8 राष्ट्रीय सचिव और 1 कोषाध्यक्ष शामिल किए गए हैं।

बिहार के डॉ. सत्यानंद शर्मा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि सांसद राजेश वर्मा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं राजू तिवारी, वीणा देवी, धीरेंद्र कुमार सिंह मुन्ना और अशरफ अंसारी को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है।

पार्टी में 12 राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त

पार्टी ने मीडिया और संचार व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 12 राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की भी नियुक्ति की है।

इनमें धीरेंद्र सिंह मुन्ना, अरुण भारती, राजेश वर्मा, शांभवी चौधरी, राजू तिवारी, अजय कुमार पांडेय, मुरारी गौतम, राजेश भट्ट, विनीत सिंह, एडवोकेट रितेश कुमार शर्मा, आलोक रंजन और प्रणब कुमार शामिल हैं।

राष्ट्रीय प्रकोष्ठों की भी नई जिम्मेदारियां

LJP-R ने विभिन्न प्रकोष्ठों और मोर्चों में भी बदलाव किया है।

शांभवी चौधरी को छात्र प्रकोष्ठ, प्रणब कुमार को युवा प्रकोष्ठ, चंद्रप्रभा भाटिया को महिला प्रकोष्ठ, अब्दुल खालिक को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ और अधिवक्ता सुशील कुमार को विधि प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी तरह धर्मेंद्र मिश्रा को किसान प्रकोष्ठ, अशोक कुमार वर्मा को वाणिज्य प्रकोष्ठ और प्रकाश चंद्रा को पिछड़ा एवं अति पिछड़ा प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया है।

डिजिटल संगठन में नीतेश कुमार सिंह को सोशल मीडिया संयोजक और अमित कुमार को सह-संयोजक नियुक्त किया गया है।

33 राज्यों में बदले गए प्रदेश अध्यक्ष

संगठन में सबसे बड़ा बदलाव प्रदेश स्तर पर किया गया है। पार्टी ने बिहार सहित कुल 33 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं।

नई नियुक्तियों के अनुसार:

  • बिहार: सुरेंद्र विवेक
  • झारखंड: विधायक जनार्दन पासवान
  • ओडिशा: जितेंद्र कुमार गुप्ता
  • पश्चिम बंगाल: रफीक अली

इन नियुक्तियों के जरिए पार्टी अलग-अलग राज्यों में अपने संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने की कोशिश कर रही है।

चिराग पासवान ने दी सभी नए पदाधिकारियों को बधाई

संगठन में हुए इस बड़े फेरबदल के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने सभी नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नव-नियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

पार्टी के आधिकारिक X हैंडल से भी कहा गया कि नए पदाधिकारी संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ रामविलास पासवान के विचारों और चिराग पासवान के विजन को घर-घर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

चुनावी तैयारी पर फोकस

LJP-R में यह व्यापक फेरबदल ऐसे समय किया गया है, जब पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। नई राष्ट्रीय टीम और राज्यों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति से पार्टी को जमीनी स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *