Kriti Sanon Ad Controversy: अभिनेत्री कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक बयानबाजी तक पहुंच गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कृति सेनन का समर्थन करते हुए महिलाओं की पसंद और आजादी की बात कही, जिसके जवाब में बीजेपी सांसद कंगना रनोट ने कांग्रेस पर निशाना साध दिया।
कंगना ने बीजेपी के इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किया गया एक इलस्ट्रेटेड पोस्ट री-शेयर करते हुए लिखा, “ब्रो, वेट। भारत माता की जय। शुरू करते हैं।” इस पोस्ट में ट्रिपल तलाक, शाह बानो केस, महिला आरक्षण और कर्नाटक कैबिनेट में महिलाओं की भागीदारी जैसे मुद्दों के जरिए कांग्रेस पर सवाल उठाए गए।
राहुल गांधी ने कृति सेनन का किया समर्थन
दरअसल, ज्वेलरी ब्रांड GIVA के रक्षाबंधन विज्ञापन में कृति सेनन के पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हुआ था। इसी बीच राहुल गांधी ने मंगलवार को कृति सेनन के बयान को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया।
राहुल गांधी ने कहा कि कोई महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है, यह उसका व्यक्तिगत फैसला है। उन्होंने महिलाओं के पहनावे और जीवनशैली की ऑनलाइन निगरानी या ट्रोलिंग को गलत बताया।
अपने संदेश में राहुल ने “Smash the Patriarchy” का इस्तेमाल करते हुए महिलाओं की स्वतंत्रता और अपनी पसंद से जीवन जीने के अधिकार का समर्थन किया।
बीजेपी के पोस्ट को शेयर कर कंगना का पलटवार
राहुल गांधी के बयान के बाद कंगना ने बीजेपी का एक कार्टून पोस्ट शेयर किया। इसमें राहुल गांधी के ‘Smash the Patriarchy’ संदेश पर राजनीतिक अंदाज में सवाल उठाए गए।
पोस्ट में ट्रिपल तलाक को लेकर कांग्रेस की भूमिका पर सवाल किया गया। इसके अलावा शाह बानो केस, महिला आरक्षण और कर्नाटक सरकार में महिलाओं की भागीदारी जैसे मुद्दों को भी उठाया गया।
बीजेपी के पोस्ट में यह सवाल भी किया गया कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में 33 मंत्रियों के बीच एक भी महिला मंत्री क्यों नहीं है।
कृति के पहनावे पर पहले कंगना भी उठा चुकी हैं सवाल
कंगना रनोट इससे पहले भी कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन पर प्रतिक्रिया दे चुकी हैं। उन्होंने सवाल उठाया था कि जब महिलाओं के पास पहनने के लिए अलग-अलग तरह के विकल्प मौजूद हैं, तो रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार में भाई को राखी बांधते समय इस तरह का पहनावा चुनने की क्या जरूरत थी।
कंगना ने विज्ञापन को लेकर असहमति जताई थी। इसके जवाब में कृति सेनन ने कहा था कि किसी महिला की अपनी संस्कृति और परंपरा के प्रति निष्ठा को उसके कपड़ों की नेकलाइन से नहीं आंकना चाहिए।
GIVA ने विवाद के बाद हटाया विज्ञापन
पूरा विवाद GIVA ज्वेलरी ब्रांड के 36 सेकंड के रक्षाबंधन विज्ञापन से शुरू हुआ था। विज्ञापन में कृति सेनन इंडो-वेस्टर्न आउटफिट में नजर आई थीं और अपने भाई के साथ अपने पालतू कुत्ते को भी राखी बांधती दिखाई दी थीं।
सोशल मीडिया पर विज्ञापन के कपड़ों और पेट डॉग को राखी बांधने को लेकर विवाद बढ़ने के बाद ब्रांड ने बयान जारी कर माफी मांगी। इसके बाद विज्ञापन को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से हटा दिया गया।
अब इस पूरे मामले में कृति सेनन के समर्थन में राहुल गांधी और उनके जवाब में कंगना रनोट के सामने आने से विवाद राजनीतिक रंग ले चुका है। सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच भी बहस तेज हो गई है।
