Meta Pixel

भारत-न्यूजीलैंड सीरीज के टिकटों की रिकॉर्ड डिमांड, 48 घंटे में बिके 26 हजार टिकट

Spread the love

भारत के आगामी न्यूजीलैंड दौरे को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, टिकटों की प्री-सेल शुरू होने के बाद पहले 48 घंटे में करीब 26 हजार टिकट बिक गए। यह न्यूजीलैंड क्रिकेट की शुरुआती प्री-सेल में रिकॉर्ड मांग बताई जा रही है।

भारत का यह दौरा 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान दोनों टीमों के बीच कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 5 टी-20, 5 वनडे और 2 टेस्ट शामिल हैं।

ईडन पार्क में सबसे ज्यादा टिकटों की मांग

ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले व्हाइट-बॉल मुकाबलों को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह है। यहां सीरीज का चौथा टी-20 और पहला वनडे मुकाबला खेला जाएगा।

क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में भी टिकटों की बिक्री तेज रही है। करीब 9 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस मैदान पर 22 और 24 अक्टूबर को भारत-न्यूजीलैंड के बीच शुरुआती दो टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे।

इसी मैदान पर दौरे का दूसरा टेस्ट भी होगा। यह मैच 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक खेला जाएगा।

वेलिंगटन में भी टिकटों की भारी मांग

वेलिंगटन में होने वाले मुकाबलों के टिकटों को लेकर भी दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। यहां सीरीज का तीसरा टी-20 और दूसरा वनडे खेला जाएगा।

वहीं, पहला टेस्ट 19 नवंबर से सेलो बेसिन रिजर्व में शुरू होगा। भारत ने वेलिंगटन में अपना आखिरी टी-20 मुकाबला 31 जनवरी 2020 को खेला था, जिसमें टीम इंडिया ने सुपर ओवर में न्यूजीलैंड को हराया था।

NZC ने कहा- भारत के खिलाफ मैच देखने का खास मौका

न्यूजीलैंड क्रिकेट के चीफ मार्केटिंग एंड कमर्शियल ऑफिसर ग्लेन क्रिचली ने कहा कि फैंस ने टिकट खरीदने की अपील पर शानदार प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने कहा कि शुरुआती दो दिनों में रिकॉर्ड बिक्री से पता चलता है कि बड़ी संख्या में दर्शकों ने पहले ही अपनी सीट सुरक्षित कर ली है। उनके मुताबिक, न्यूजीलैंड के फैंस के लिए भारतीय टीम और दुनिया के बड़े क्रिकेट सितारों को घरेलू मैदान पर लाइव देखना खास अनुभव होगा।

टिकटों की कीमत में नहीं हुआ इजाफा

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने इस सीजन टिकटों की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की है। क्रिकेट नेशन एक्सेस कोड के जरिए टिकट 30 न्यूजीलैंड डॉलर से कम में भी उपलब्ध हैं।

इसके अलावा फैंस के लिए ‘द फोर’ और ‘द सिक्स’ जैसे ग्रुप टिकट पैकेज भी उपलब्ध कराए गए हैं। इन पैकेज के जरिए एक साथ चार या छह वयस्कों के टिकट खरीदे जा सकते हैं और अलग कीमत पर छूट का लाभ मिलता है।

7 सितंबर से आम दर्शकों के लिए टिकट बिक्री

क्रिकेट नेशन की मेंबर प्री-सेल के बाद आम दर्शकों के लिए टिकटों की बिक्री 7 सितंबर 2026 से शुरू होगी।

जो फैंस क्रिकेट नेशन के लिए साइन अप करेंगे, उन्हें प्री-सेल में पहले टिकट खरीदने का मौका मिलेगा। उन्हें इस दौरान 15 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी।

छह साल बाद न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीनों फॉर्मेट में कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे। मैचों की संख्या के लिहाज से न्यूजीलैंड की मेजबानी में यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा मल्टी-फॉर्मेट दौरा होगा।

भारतीय टीम करीब छह साल बाद न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेलेगी। इससे पहले दोनों टीमों के बीच 2019-20 में टेस्ट सीरीज हुई थी।

इस बार दोनों टेस्ट वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व और क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेले जाएंगे। वहीं, पांच मैचों की वनडे सीरीज अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *