मुंबई में आयोजित महाराष्ट्र साइबर के साइबर-अवेयरनेस कार्यक्रम में स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सम्मानित किया। सम्मान मिलने के बाद समय ने महाराष्ट्र साइबर के साथ अपने पुराने विवाद का जिक्र करते हुए मंच पर मजाकिया अंदाज में बात की। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सम्मान के बाद पुराने विवाद पर किया मजाक
समय रैना ने कार्यक्रम में महाराष्ट्र साइबर के साथ अपने पुराने संबंधों का जिक्र किया। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के दौरान महाराष्ट्र साइबर की जांच के दायरे में आए समय ने मंच से कहा कि साइबर विभाग के साथ उनका जुड़ाव काफी पुराना है।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि 1930 काफी अच्छा नंबर है और उन्होंने इसे अपने फोन में सेव करके रखा है, क्योंकि वहां से अक्सर कॉल आते हैं।
इसके बाद उन्होंने महाराष्ट्र साइबर की सक्रियता पर भी चुटकी ली। समय की बात सुनकर कार्यक्रम में मौजूद अधिकारी और कलाकार हंस पड़े।
बोले- इस बार कॉमेडियन को सम्मानित किया गया
समय रैना ने अपने संबोधन में पुराने घटनाक्रम का संदर्भ देते हुए कहा कि पहले साइबर सेल के अधिकारी किसी कॉमेडियन के घर तक पहुंचे थे, लेकिन इस बार उसी तरह के मंच पर उन्हें सम्मानित किया जा रहा है।
उनके इस मजाकिया अंदाज पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जमकर प्रतिक्रिया दी। सोशल मीडिया पर भी वीडियो को खूब शेयर किया जा रहा है।
‘डिजिटल अरेस्ट’ पर जागरूकता अभियान लॉन्च
महाराष्ट्र साइबर के इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान ‘Digital Arrest’ नाम की एक शॉर्ट फिल्म लॉन्च की गई।
इसके साथ ही ‘1930 Maharashtra Cyber Anthem’ भी पेश किया गया। कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव और लोगों को जागरूक करने के तरीकों पर भी जोर दिया गया।
कई फिल्मी सितारों को किया गया सम्मानित
समय रैना के अलावा अभिनेता पंकज त्रिपाठी, आशीष विद्यार्थी, शरद केलकर, सोनाली बेंद्रे, जावेद जाफरी और मंगेश देसाई समेत कई कलाकारों को महाराष्ट्र साइबर के जागरूकता अभियान में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
गायिका सुनिधि चौहान भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के बाद सुर्खियों में आए थे समय
समय रैना का नाम ‘India’s Got Latent’ शो से जुड़े विवाद के बाद देशभर में चर्चा में आया था। शो के एक एपिसोड में रणवीर इलाहाबादिया की आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद विवाद बढ़ गया था।
इसके बाद समय रैना और शो से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ शिकायतें दर्ज हुई थीं। शो पर आपत्तिजनक और अश्लील कंटेंट को बढ़ावा देने के आरोप भी लगे थे।
विवाद बढ़ने के बाद समय रैना ने शो के सभी एपिसोड YouTube से हटा दिए थे। इसके अलावा उन्होंने अपने इंडिया टूर की तारीखों में भी बदलाव किया था।
अब महाराष्ट्र साइबर के कार्यक्रम में सम्मानित किए जाने और उसी मंच पर पुराने विवाद को लेकर उनके मजाकिया अंदाज में बात करने का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।